फोटो : सोनीपत के नागरिक अस्पताल में महिला का शव लेने आए परिजन कागजी कार्रवाई कराते हुए। संवाद
- फोटो : Archive
सोनीपत। रक्षाबंधन पर भाई को रक्षासूत्र बांधने के बाद पति के साथ घर लौट रही महिला की सड़क हादसे में मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहे पति घायल हो गए। हादसा शनिवार दोपहर बाद एनएच-44 पर मुरथल फ्लाईओवर के पास हुआ। जहां एक ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
44 वर्षीय श्यामा यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले के गांव भटपुरा की रहने वाली थी। हाल ही में वह दिल्ली के द्वारका में स्थित सेक्टर-10 में किराये पर अपने पति दिनेश के साथ रह रहीं थी। वह बाइक पर सवार होकर रक्षाबंधन के अवसर पर कुंडली में भाई पवन को राखी बांधने गई थी।
वहां से दोनों शनिवार का अपने घर द्वारका लौट रहे थे। बताया गया कि कुंडली से द्वारका जाने के दौरान वे रास्ता भटक गए और बाइक से मुरथल के पास एनएच-44 पर पहुंच गए। इसी दौरान मुरथल फ्लाईओवर के पास उनकी बाइक को एक ट्रक ने टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दंपती सड़क पर गिर गए। हादसे में श्यामा यादव को गंभीर चोटें लगीं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके पति घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घायल व्यक्ति को उपचार के लिए निजी अस्पताल पहुंचाया।