सोनीपत। गांव माहरा निवासी ईशवंती ने बताया कि पति की मृत्यु के बाद रिकॉर्ड अपडेट न होने के कारण उन्हें विधवा पेंशन का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस पर नगराधीश सिमरन ने संबंधित अधिकारियों को मामले का शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए।
लघु सचिवालय में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में नागरिकों की विभिन्न समस्याओं की सुनवाई की गई। इस दौरान 13 शिकायत दर्ज की गई। नगराधीश ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान किया जाए।
इससे लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न काटने पड़ें। 13 शिकायतों में से कुछ का मौके पर ही समाधान किया गया, जबकि शेष शिकायतों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शिविर में मुख्य रूप से रामनगर कॉलोनी में पानी की समस्या, लाडली योजना की पूरी राशि न मिलने, रुकी हुई पेंशन जारी कराने, मिनी बाईपास रोड पर खंभे को स्थानांतरित करने, गली में चबूतरे बनाकर किए गए अवैध कब्जे को हटाने, नगर निगम की तरफ से मकान की आईडी ठीक न करने, इंतकाल और बिजली मीटर से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
नगराधीश ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन की समस्याओं का समाधान पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
इस दौरान अतिरिक्त एसीपी राजपाल सिंह, डीआरओ सुशील शर्मा, डीडीपीओ मनीष मलिक, तहसीलदार कीर्ति भी उपस्थित रहे।