फोटो :: सोनीपत में हाईवे पर कैंटर में लगी आग। स्रोत पाठक
सोनीपत। राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर वीरवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब बीसवां मील फ्लाईओवर पर कैंटर में आग लग गई। कुछ ही मिनटों में परचून के सामान से लदे कैंटर से धुएं का गुबार उठने लगा। हादसे के चलते हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जबकि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए कूदकर जान बचाई।
दिल्ली के मंगोलपुरी निवासी चालक बिंद्र सिंह कैंटर में परचून का सामान भरकर पानीपत की ओर जा रहे थे। जब वह बीसवां मील फ्लाईओवर पर पहुंचे तो कैंटर से अचानक धुआं उठने लगा। चालक ने वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन इससे पहले ही आग ने तेजी से पूरे कैंटर को अपनी चपेट में ले लिया।
देखते ही देखते आग की ऊंची लपटें उठने लगीं और कैंटर धू-धू कर जलने लगा। जान का खतरा भांपते हुए चालक ने छलांग दी। घटना के कारण हाईवे पर यातायात प्रभावित हो गया। दोनों तरफ वाहनों का जाम लग गया।
राहगीरों की सूचना पर दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की दो गाडिय़ों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक कैंटर में रखा लाखों रुपये का परचून का सामान पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।