खरखौदा। लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए सोमवार को शिविर का आयोजन किया गया। इसमें शहर के दुकानदार शिकायत लेकर पहुंचे और बताया कि उनकी दुकानों के आगे लंबे समय से पानी भरा है। उनका काम ठप हो गया है।
उन्होंने कहा कि अब वह परेशान हो चुके हैं। इससे पहले वह नगर पालिका कार्यालय में भी इसकी शिकायत दे चुके हैं। 10 दिन बीत जाने पर भी जब काम नहीं हुआ तो अब मामले की शिकायत यहां लेकर आए हैं।
दुकानदार संदीप, दीपक, रवींद्र, नरेश, सुखबीर, विनोद, सुनील, कुनाल ने कहा कि लंबे समय से दिल्ली मार्ग पर पानी भरा हुआ है।नालों की विधिवत निकासी नहीं होने के कारण उनकी दुकानों के आगे पानी भरा है।
इससे ग्राहक उनकी दुकानों पर आने बंद हो गए हैं। वह दुकान किराये पर लेकर काम कर रहे हैं। दुकानों के आगे पानी भरने से उनका काम ठप होने से उन पर दोहरी मार पड़ रही है। उनकी मांग है कि पानी की जल्द निकासी करवाई जाए।
उन्होंने कहा कि अगर ऐसा ही रहा तो उन्हें अपनी दुकानों को बंद करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। दुकानदारों की समस्या सुनकर अधिकारियों ने जल्द समाधान का आश्वासन दिया।