सोनीपत। कामी रोड स्थित सिद्धपीठ श्री बाबा धाम मंदिर में रविवार देर शाम भगवान श्रीकृष्ण के बाल स्वरूप का छठी महोत्सव मनाया गया। बालगोपाल के छठी महोत्सव में शहरभर से श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ा। मंदिर को रंग-बिरंगी लड़ियों से सजाया गया। भगवान श्रीकृष्ण दरबार, जगन्नाथ दरबार सहित समस्त मंदिर प्रांगण को फूलमालाओं की सजावट से महक उठे।
कार्यक्रम की शुरुआत अलसुबह मंगला आरती के साथ की गई। मंदिर परिसर में निरंतर देर रात तक विभिन्न कार्यक्रम चलते रहे। महोत्सव में राधा-कृष्ण, बालगोपाल का शृंगार और फूल बंगला आकर्षण का केंद्र रहे। कार्यक्रम में दिल्ली मंडी हाउस के करीब 75 कलाकारों ने भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न बाल लीलाओं व रासलीला को प्रस्तुत किया।
संकीर्तन के दौरान भजनों की अमृत वर्षा पर श्रद्धालुओं ने भक्ति के रस में डुबकी लगाई। संकीर्तन में श्रद्धालुओं पर केवड़ा के साथ पुष्पवर्षा की गई। तत्पश्चात भगवान श्रीकृष्ण को भोग लगाकर छठ भोज का आयोजन किया गया। इसमें श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। बाबा धाम मंदिर के संचालक राकेश कुच्छल ने बताया कि कलाकारों ने जिले में दूसरी बार अपनी लीलाओं को प्रस्तुत किया है। कार्यक्रम में मंदिर के समस्त पुजारी व श्रद्धालु मौजूद रहे।