सोनीपत। मुरथल रोड पर श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक समारोह का आयोजन हुआ। इसमें कथावाचक जया किशोरी ने नरसी का भात कथा का भावपूर्ण वाचन किया। इस दौरान आयोजित भजन संध्या में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तिरस में सराबोर नजर आए।
समारोह में कांग्रेस के शहरी जिलाध्यक्ष कमल दिवान और उनकी पत्नी मेघा दिवान मुख्य रूप से पहुंचे। आयोजन समिति ने मंच पर शाॅल, स्मृति चिह्न व पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका अभिनंदन किया। कमल दिवान ने कहा कि संतों का आगमन धरती को पावन बनाता है। उन्होंने जया किशोरी से नरसी कथा सुनना पूरे सोनीपत के लिए गौरव बताया। कमल दिवान ने भक्त नरसी मेहता के जीवन से सच्ची निष्ठा सीखने की बात कही। उन्होंने ऐसे धार्मिक आयोजनों को समाज में सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने वाला बताया।
कथा के दौरान जया किशोरी ने नरसी के समर्पण और भगवान श्रीकृष्ण के चमत्कारिक प्रसंगों का वर्णन किया। पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट और जय श्री श्याम के जयकारों से गूंज उठा। इसके बाद भजन संध्या में श्रद्धालुओं ने झूमते हुए भक्ति का आनंद लिया। अंत में भगवान की भव्य आरती उतारी गई और भंडारे में प्रसाद वितरित किया गया।