फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Sonipat News: निफ्टम में आज से श्री अन्न सम्मेलन का आगाज, जुटेंगे देश-विदेश के राजदूत व अन्य

Thu, 21 Sep 2023 09:59 AM IST
रोहतक ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सोनीपत
विज्ञापन
फोटो 20- अंतरराष्ट्रीय श्री अन्‍न सम्‍मेलन की जानकारी देते निफ्टेम-कुंडली के निदेशक डॉ. हरिंदर
विज्ञापन
सोनीपत। राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टम), कुंडली की तरफ से 21 से 23 सितंबर तक ‘श्री अन्न’ (मिलेट्स) पर तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। निफ्टम के निदेशक डॉ. हरिंद्र सिंह ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र ने वर्ष 2023 को ‘श्री अन्न वर्ष’ घोषित किया है। इसके दृष्टिगत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।
विज्ञापन

डॉ. हरिंदर सिंह ने बताया कि सम्मेलन के दौरान श्री अन्न के टिकाऊ उत्पादन की चुनौतियों का समाधान करना, फसल कटाई से पहले और बाद की समस्याएं, मूल्य संवर्द्धन, श्री अन्न आधारित पारंपरिक और व्यावसायिक खाद्य उत्पाद, मूल्यीकरण के लिए उभरती प्रौद्योगिकी, नए बाजार के अवसरों की तलाश, पोषण प्राप्त करने के लिए नीतिगत पहल और आर्थिक सुरक्षा विषयों पर मंथन होगा। उन्होंने बताया कि सम्मेलन में केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री पशुपति कुमार पारस, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग और जल शक्ति राज्य मंत्री प्रह्लाद सिंह पटेल अतिथि शिरकत करेंगे।
सम्मेलन में भारत में विभिन्न दूतावासों के राजदूत और उच्चायुक्त, सचिव, भारत सरकार के अतिरिक्त सचिव और संयुक्त सचिव, संयुक्त राष्ट्र संघ के खाद्य एवं कृषि संगठन के प्रतिनिधि, विश्व बैंक और अर्ध शुष्क उष्णकटिबंधीय क्षेत्रों के लिए अंतरराष्ट्रीय फसल अनुसंधान संस्थान (आईसीआरआईएसएटी) अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
विज्ञापन

इसके अलावा, अमेरिका, कनाडा, इंडोनेशिया, सर्बिया, अर्जेंटीना, युगांडा, केन्या, नेपाल और बांग्लादेश सहित 12 विभिन्न देशों के 50 कुलपति और संस्थान, वैज्ञानिक, शिक्षाविद और प्रतिनिधि, हिंदुस्तान यूनीलीवर लिमिटेड (एचयूएल), नेस्ले, टाटा कंज्यूमर्स सहित खाद्य उद्योग संघ और संगठन भी इस सम्मेलन में सक्रिय रूप से भाग लेंगे। सम्मेलन में नौ तकनीकी सत्र शामिल होंगे, जिसमें श्री अन्न प्रदर्शनी, कुकरी शो और शेफ टॉक, ‘श्री अन्न’ रेसिपी प्रतियोगिता, ‘श्री अन्न’ विचारधारा हैकाथॉन, नुक्कड़ नाटक, बी टू बी मीट शामिल होंगे।
डॉ. हरिंदर सिंह ने बताया कि तीन दिवसीय सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि ‘श्री अन्न’ की लोकप्रियता फिर से हासिल हो और उसकी विविधता, उसके अमूल्य पोषक गुणों, पर्यावरणीय लाभ और स्वस्थ समाज की दिशा में उसकी भूमिका पर सामाजिक चेतना और जागरूकता लाई जा सके।

फोटो 20- अंतरराष्ट्रीय श्री अन्न सम्मेलन की जानकारी देते निफ्टेम-कुंडली के निदेशक डॉ. हरिंदर

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें