खरखौदा। राष्ट्रीय राजमार्ग-334बी पर स्थित टोल प्लाजा के पास दुकानदार पर कुछ युवकों ने हमला कर दिया। दुकानदार ने कह कि झरोठी के युवकों ने उनके साथ मारपीट की और गल्ले में रखी नकदी ले गए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
गांव कंवाली निवासी दीपक ने बताया कि उन्होंने झरोठी टोल प्लाजा के पास किराना और चाय की दुकान की है। रात करीब 11 बजे वह दुकान बंद करने की तैयारी कर रहे थे तो झरोठी के युवक अपने 15-20 साथियों के साथ आए और उन्हें धमकाते हुए कहा कि तुझे मना किया था कि यहां पर दुकान नहीं करनी। इस एरिया में हम जो चाहेंगे वैसा ही होगा।
उन्होंने कहा कि वह अपने परिवार का पेट पालने के लिए ऐसा कर रहे हैं तो युवकों ने उन पर हमला कर दिया। दुकान का सामान भी बाहर फेंक दिया। उन्हें जान से मारने की धमकी दी। दीपक ने कहा कि सामान की तोड़फोड़ करने के साथ ही हमलावर गल्ले में रखी करीब सात-आठ हजार की नकदी भी ले गए। घायल की शिकायत पर खरखौदा थाना पुलिस ने कई लोगों के नामजद करते हुए अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।