खरखौदा। गांव सिसाना में जमीन के विवाद में रविवार रात को दुकानदार की धारदार हथियार से हमला करके हत्या कर दी गई। दुकानदार अपने खेत के पास परचून की दुकान चलाते थे। उनका शव सड़क से करीब 100 मीटर अंदर खेत के रास्ते पर मिला है। दुकानदार के भाई ने चार नामजद के अलावा दो-तीन अन्य के खिलाफ साजिशन हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है।
गांव सिसाना निवासी रिंकू ने पुलिस को बताया कि उनके भाई अशोक (30) गांव में ईंट भट्ठे के पास अपने खेत में परचून की दुकान चलाते थे। कुछ दिन पहले जमीन की खेवट को लेकर अशोक का गुहणा निवासी अमित तथा सिसाना गांव के बलजीत उर्फ सोनू से विवाद हुआ था।
सात जून को आरोपियों ने अशोक के साथ उनकी दुकान में घुसकर मारपीट की थी। इस दौरान 112 पर कॉल करने के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं आई थी। 8 जून को खेत से लौटते समय फिर झगड़ा हुआ था। अशोक ने मेडिकल करवाकर 9 जून को पुलिस में शिकायत दी थी।
उसने बताया कि 11 जून को थाने में दोनों पक्षों के बीच राजीनामा हो गया था। उसके बाद भी थाने से बाहर निकलते ही आरोपियों ने अशोक को जान से मारने की धमकी दी थी।
बॉक्स
घर लौटते समय की गई हत्या
रिंकू ने पुलिस को बताया कि रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे अशोक ने दुकान से स्कूटी पर घर लौटने की बात कही थी। काफी देर तक घर नहीं पहुंचने पर वह अपनी मां राजबाला व पत्नी रीना के साथ उसे तलाशने के लिए निकल गए।
उन्होंने देखा कि भट्ठे के पास सड़क से 100 मीटर अंदर खेत के रास्ते पर अमित, बलजीत, गांव की इशू व निशू तथा दो-तीन अन्य अशोक को स्कूटी से गिरा रखा था और चाकू, छुरी व धारदार हथियारों से हमला कर रहे थे।
परिजनों के मौके पर पहुंचते ही हमलावर बाइक और ट्रैक्टर पर सवार होकर भाग गए। अशोक की मौके पर ही मौत हो गई थी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। पुलिस ने चार नामजद सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
वर्जन
परिजनों की शिकायत पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। मामले में तथ्य जुटाकर ठोस कार्रवाई की जा रही है। -इंस्पेक्टर प्रेम, थाना प्रभारी, खरखौदा।
फोटो 13: सोनीपत के गांव सिसाना में युवक की हत्या के बाद नागरिक अस्पताल में पहुंचे परिजन। संवाद