ककरोई चौक पर दुकान के सामने धरने पर बैठा पीड़ित परिवार।
- फोटो : Sonipat
सोनीपत। शहर के ककरोई रोड पर दुकान हड़पने के प्रयास का आरोप लगाते हुए एक व्यक्ति परिवार समेत धरना देकर बैठ गया। उसका आरोप है कि उसने वर्ष 1995 में जिससे दुकान खरीदी है, उसकी पत्नी ने अब उस दुकान को तीन अलग-अलग लोगों को बेच दिया और अब उसे दुकान को खाली कराने की धमकी मिल रही है। इससे परेशान धरने पर ही दुकानदार ने जान देने को फंदा भी बना दिया। इस पूरे मामले का पता चलने पर सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन व मेयर निखिल मदान ने व्यक्ति को जांच का आश्वासन दिया।
ककरोई चौक पर अर्जुन देव पिछले 26 साल से साइकिल रिपेयरिंग की दुकान करता है। अर्जुन देव ने बताया कि निगम से जिसने उस दुकान को लीज पर लिया था, उससे वह दुकान 26 साल पहले खरीदी थी। उस समय सौदा किया गया था कि जब भी निगम इस जमीन को मालिक के नाम करेगा, उसके बाद जमीन उसके नाम करा दी जाएगी। आरोप है कि उस दुकान को जिससे खरीदा गया था, उसकी मौत हो गई और उसकी पत्नी ने यह जमीन किसी अन्य के नाम करा दी है। अर्जुन देव ने इस मामले में चौकी प्रभारी से लेकर एसपी व सीएम विंडो पर भी शिकायत दी है। उसके बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हो रही है और उसे दुकान खाली करने के लिए धमकी मिल रही है। आरोप लगाया कि बुधवार रात को कुछ लोगों ने दुकान का ताला तोड़कर सामान सड़क पर फेंकना शुरू कर दिया। इसकी सूचना पर पुलिस वहां पहुंची तो सामान बाहर फेंक रहे लोग भाग गए। जिससे वह परिवार के साथ धरने पर बैठ गया और वहां वीरवार को मेयर निखिल मदान व सीएम के पूर्व मीडिया सलाहकार राजीव जैन भी पहुंचे। दोनों ने उसको मामले में अधिकारियों से जांच कराकर कार्रवाई कराने का आश्वासन दिया।