डेंगू संक्रमित लगातार मिल रहे हैं। बुधवार को सात संक्रमित मिले हैं। डेंगू संक्रमितों का आंकड़ा बढ़कर 479 तक पहुंच गया है। वहीं, मुख्यालय से पहुंची राज्य कीट विज्ञानी टीम ने शहर में तीन कॉलोनियों का निरीक्षण किया।
टीम ने मच्छर व लार्वा के नौ नमूने लिए। इन नमूनों को जांच के लिए टीम चंडीगढ़ मुख्यालय स्थित प्रयोगशाला में लेकर गई। टीम ने अधिकारियों को लोगों में जागरूकता की कमी होना बताया। जागरूकता के अभाव में लोग डेंगू के शिकार हो रहे हैं।
कीट वैज्ञानिक सुमित, सोनिया व प्रदीप की टीम ने शहर की उन तीन कॉलोनियों का निरीक्षण किया, जिनमें सबसे ज्यादा डेंगू संक्रमित मिले हैं। टीम के सदस्य जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आशा सहरावत, डॉ. मनजीत राठी, स्वास्थ्य निरीक्षक शैलेंद्र, स्वास्थ्य कर्मी मनीष दहिया व दयानंद के साथ कबीरपुर, जीवन नगर व वेस्ट रामनगर में पहुंचे। उन्होंने घर-घर सर्वे किया और पानी से भरे बर्तनों में लार्वा की जांच की। टीम की तरफ से मच्छर व लार्वा के नौ नमूने लिए गए। इन नमूनों को टीम लेकर चंडीगढ़ गई है। मुख्यालय स्तर पर प्रयोगशाला में इन नमूनों की जांच की जाएगी। इसके बाद यह पता लग पाएगा कि शहर में कौनसी प्रजाति के मच्छर का लार्वा पनप रहा है। पानी में बैक्टीरिया की भी जांच की गई। टीम ने अधिकारियों को बताया कि लोगों में जागरूकता की कमी है, जिससे लोग अपनी टंकियों की सफाई नहीं कर पाए। पुराने पानी में भी ताजा पानी छोड़ रहे हैं, जिससे लोग बीमारियों का शिकार हो रहे है।
इन स्थानों पर मिले संक्रमित
जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. आशा सहरावत ने बताया कि बुधवार को डेंगू के सात संक्रमित मिले हैं। सिक्का काॅलोनी, वेस्ट रामनगर, मिमारपुर, किलोहड़द, बाबा कॉलोनी, दीवान आटा चक्की के पास और देव नगर में एक-एक संक्रमित मिला है। स्वास्थ्य कर्मी घर-घर जाकर मलेरिया जांच के लिए मरीजों के रक्त के नमूने लेकर प्रयोगशाला में भेज रहे हैं।