फोटो 29- सोनीपत के गन्नौर में अधर में लटकी गुमड़ से गढ़ी झंझारा सड़क से गुजरता मोटरसाइकिल चालक। सं
गांव गुमड़ से खेड़ी रोड होते हुए गांव गढ़ी झंझारा की तरफ जाने वाली सड़क का निर्माण करीब एक साल से अधर में लटका हुआ है। इससे यह मार्ग वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। मार्ग को 12 फीट से चौड़ा कर अब 18 फीट किया जाना है। लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) ने कई माह पहले मार्ग पर रोडे तो डलवा दिए थे, लेकिन इसके बाद निर्माण की सुध तक नहीं ली।
किसान वीरेंद्र पहल, राजबीर, रामफल व जयभगवान ने बताया कि काफी किसान अपनी फसल लेकर इस सड़क से गुजरते हैं, लेकिन सड़क निर्माण न होने से उनके ट्रैक्टरों के पहिये पंक्चर हो रहे हैं। वहीं साइकिल व स्कूटी पर स्कूल जाने वाले छात्र भी आए दिन सड़क पर गिरकर घायल हो रहे हैं। इस मार्ग पर बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। ऐसे में लोग अब इस सड़क का निर्माण जल्द करवाने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण के लिए यूनियन भी काफी समय से मांग कर रही थी। तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल जब गन्नौर अंतरराष्ट्रीय मंडी में निर्माण का शिलान्यास करने आए थे, तब उन्हें भी सड़क निर्माण के बारे में शिकायत दी थी। अब हालत यह है कि सड़क पर रोड़े तो बिछा दिए गए, लेकिन उसके बाद से सड़क का निर्माण नहीं किया गया, जिससे वहां से गुजरने वाले किसानों को परेशानी हो रही है। उन्होंने चेताया कि यदि सड़क निर्माण जल्द नहीं हुआ तो यूनियन धरना देने से पीछे नहीं हटेगी।
- ग्रैप हटते ही शुरू होगा सड़क निर्माण
इस बारे में पीडब्ल्यूडी के जेई नवनीत कुमार ने बताया कि सड़क 12 फीट चौड़ी है, जिसे अब 18 फीट चौड़ा किया जाना है। सड़क को दोनों तरफ से तीन-तीन फीट चौड़ा किया जाना है। यह सड़क करीब पांच किलोमीटर लंबी है। जो गुमड़ से लेकर गढ़ी झंझारा तक बनेगी। रोडे़ डालने का काम पूरा हो चुका है और ग्रैप की वजह से काम रुका हुआ है। जैसे ही ग्रैप हटेगा, सड़क निमार्ण शुरू किया जाएगा।