फोटो 50: सोनीपत के फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में सील की गई मशीन। स्रोत :
खरखौदा । वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (सीएक्यूएम) और ग्रैप-3 के निर्देशों को लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने वीरवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित की जा रही सात फैक्टरियां सील कर दीं। पांच मालिकों को कारण बताओ नोटिस जारी करके फैक्टरियों को बंद कराया। इस तरह बोर्ड की ओर से प्रदूषण फैलाने वाली 12 औद्योगिक इकाइयों पर कार्रवाई की गई।
फील्ड अधिकारी वैज्ञानिक अनिल कुमार ने बताया कि सोनीपत क्षेत्र में किसी भी परिस्थिति में ऐसे अवैध एवं प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों को संचालित करने की अनुमति नहीं है। उनकी तरफ से फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र में कार्रवाई के दौरान पाया गया कि कुछ उद्योग बिना वैध स्वीकृति और पर्यावरणीय मानकों का पालन किए संचालित किए जा रहे थे, जिससे क्षेत्र में प्रदूषण का स्तर बढ़ रहा था। जिस पर सात इकाइयों को सील करवा दिया गया।
वहीं, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने सीएक्यूएम के निर्देशों का उल्लंघन करने वाली निर्माण परियोजनाओं के विरुद्ध भी सख्त कदम उठाए हैं। उन्होंने बताया कि सरकारी परियोजनाओं को छोड़कर किसी भी प्रकार के निजी निर्माण कार्य की अनुमति नहीं दी गई है। नियमों की अवहेलना करने पर ऐसी पांच इकाइयों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए हैं और पर्यावरणीय क्षतिपूर्ति की प्रक्रिया शुरू की गई है। उन्होंने कहा कि वायु प्रदूषण नियंत्रण के लिए जारी प्रतिबंधों और निर्देशों का उल्लंघन करने पर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी।
फोटो 50: सोनीपत के फिरोजपुर बांगर औद्योगिक क्षेत्र स्थित फैक्टरी में सील की गई मशीन। स्रोत :