सोनीपत। मयूर विहार में युवती के बंद कमरे का ताला तोड़कर चोर साढ़े सात लाख रुपये व सोने के आभूषण चोरी कर ले गए। पीड़िता अपनी शादी के लिए कमरे पर ताला लगाकर चडीगढ़ गई हुई थी। सुबह मकान मालिक ने चोरी की जानकारी दी। इस पर पीड़िता ने पुलिस से वीडियो कॉल पर जानकारी लेने के बाद व्हाट्सएप पर पुलिस आयुक्त के नाम शिकायत भेजकर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस टीम मामले की जांच कर रही है।
पुलिस आयुक्त के नाम भेजी शिकायत में आरती ने बताया कि वह मयूर विहार की गली-8 में गुरदीप के मकान में किराए पर रहती है। वह अपनी शादी के लिए 20 मार्च को अपने परिवार के साथ चंडीगढ़ आ गई थी। अपनी शादी की तैयारी में व्यस्तता के चलते वह कुछ सामान किराए के कमरे में ही छोड़ आई। आरती ने पुलिस को लिखा है कि रविवार की सुबह मकान मालिक गुरदीप ने कॉल कर बताया कि उनके कमरे के दरवाजे का ताला टूटा हुआ है। उन्होंने पुलिस को अवगत कराया। जिस पर पुलिस ने वीडियो कॉल से उनसे बातचीत की।
आरती ने बताया कि उन्होंने पुलिस को अवगत कराया कि चोर उनके कमरे से साढ़े सात लाख रुपये, तीन सोने की अंगूठी, चांदी की पाजेब, सोने के चार सिक्के, चांदी के चार सिक्के चोरी हुए है। इस पर उन्होंने व्हाट्सएप पर शिकायत भेजकर चोरी का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।
किसी जानकार पर जताया चोरी का शक
पुलिस के अनुसार युवती की शादी 30 मार्च को ही बताई गई है। आरती ने पुलिस को बताया है कि उन्हें किसी जानकार पर चोरी का शक है। चोरों ने उसकी कमरे का ताला तोड़ा है। इसमें वह नकदी और आभूषण रखते थे। दूसरे कमरे का ताला नहीं तोड़ा गया।
चोरी की शिकायत मिली है। जिस पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। क्षेत्र में लगे सीसीटीवी खंगालने के साथ ही मामले में गहनता से जांच कर चोरों का पता लगाकर गिरफ्तार किया जाएगा।
इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, प्रभारी, थाना शहर