सोनीपत/गोहाना। रबी सीजन की फसल पककर तैयार हो रही है। खेतों में कई स्थानों पर गेहूं की कटाई शुरू हो गई है। जिले की चार अनाज मंडियों और 20 खरीद केंद्रों में 1 अप्रैल से गेहूं की सरकारी खरीद शुरू होनी है। इसके बावजूद सोनीपत मंडी में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। जबकि अधिकारियों ने खरीद शुरू होने से पहले बेहतर व्यवस्था के दावे किए थे। दुकानों के सामने सड़क किनारे मिट्टी पड़ी है। वहीं खरीद केंद्रों में बिजली-पानी व शौचालय की अभी तक व्यवस्था नहीं की गई है। गांव रूखी में जिस खरीद केंद्र की जमीन पर हर साल गेहूं डाला जाता है, उस पर रोहतक-पानीपत राष्ट्रीय राजमार्ग बन चुका है। अधिकारी अभी तक खरीद केंद्र के लिए जमीन की तलाश कर रहे है। वहीं भारतीय खाद्य निगम का साइलो नजदीक होने के कारण मोहाना व हुल्लाहेड़ी खरीद केंद्रों पर गेहूं नहीं पहुंचता।
सोनीपत अनाज मंडी से हर वर्ष करोड़ों रुपये टैक्स के रूप में मार्केट कमेटी में जमा होते हैं। मार्केट कमेटी के अनुसार सात लाख मीट्रिक टन गेहूं की आवक सोनीपत मंडी में होती है। मंडी के हर आढ़ती से हर छह महीने पर फसल बिकने के बाद फीस ली जाती है, लेकिन मंडी में हालात खराब पड़े हैं। सफाई व्यवस्था दुरुस्त न किए जाने के लिए आढ़ती परेशान हैं। दुकानों के आगे पड़ी मिट्टी उठवाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया है। ऐसे में आढ़तियों को रविवार को खुद ही मजदूर लगाकर अपनी दुकानों के सामने से मिट्टी उठवानी पड़ी।
रूखी खरीद केंद्र के लिए मार्केट कमेटी तलाश रही जमीन
रूखी गांव में मार्केट कमेटी के पास खुद की जमीन नहीं है। इससे चलते सड़क पर ही गेहूं डलवाया जाता है। गत वर्ष रूखी खरीद केंद्र पर 1.75 लाख क्विंटल गेहूं की आवक हुई थी। रूखी खरीद केंद्र पर आस-पास 10 गांवों के किसान गेहूं की फसल डालते हैं। गेहूं की आवक बढ़ने पर किसान सड़क के किनारे पर ही फसल डालते हैं। इतना ही नहीं पिछले वर्ष बारिश की वजह से खरीद केंद्रों पर फसल भी खराब हुई थी। इससे आढ़तियों व किसानों को नुकसान सहन करना पड़ता था। मार्केट कमेटी व हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधिकारी गेहूं डलवाने के लिए जमीन को तलाश रहे हैं।
खरीद केंद्रों के लिए बिजली निगम से मांगे अस्थायी कनेक्शन
खरीद केंद्रों में बिजली-पानी व शौचालय की व्यवस्था अभी तक नहीं की है। खरीद केंद्रों से सामान चोरी होने की आशंका रहती है। गोहाना मार्केट कमेटी ने किसानों की सुविधा के लिए आठ खरीद केंद्र बनाए हैं। इनमें कथूरा, भैंसवाल कलां, मुंडलाना, रूखी, बिचपड़ी, कासंडी, बरोदा व खानपुर कलां शामिल हैं। मार्केट कमेटी ने बिजली निगम से इन खरीद केंद्रों के लिए अस्थायी बिजली कनेक्शन की मांग की है। अधिकारियों ने दावा किया है कि गेहूं की फसल आते ही सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त कर लिया जाएगा।
सोनीपत अनाज मंडी व संबंधित खरीद केंद्रों में सफाई करा दी है। अगर सोनीपत मंडी में मिट्टी उठान की समस्या है तो ठेकेदार को भेजकर समस्या को दुरुस्त कर लिया जाएगा।
ज्योति मोर, सचिव, मार्केट कमेटी, सोनीपत
रूखी खरीद केंद्र के लिए जमीन की तलाश की जा रही है। इस संबंध में उच्च अधिकारियों को कई जमीनों की लोकेशन उपलब्ध भेजी है। जल्द ही रूखी खरीद केंद्र की जगह निर्धारित कर दी जाएगी।
जितेंद्र कुमार, सचिव, मार्केट कमेटी, गोहाना