फोटो : सोनीपत में राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के कैंपस प्लेसमेंट के दौरान चयनित विद्यार्थियों के
सोनीपत। राजकीय बहुतकनीकी संस्थान के कैंपस प्लेसमेंट में 282 विद्यार्थियों का चयन विभिन्न औद्योगिक समूहों में हो चुका है। प्लेसमेंट ड्राइव के दौरान विद्यार्थियों को 2.4 लाख रुपये से लेकर 4.48 लाख रुपये वार्षिक तक के पैकेज प्राप्त हुए हैं।
डीईई पाइपिंग सिस्टम्स इंडिया ने केमिकल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को 4.48 लाख रुपये का सर्वाधिक पैकेज प्रदान किया। वहीं, एस्कार्ट्स कुबोटा और वीवीडीएन टेक्नोलाॅजी की ओर से सबसे अधिक विद्यार्थियों का चयन किया गया है।
इस सत्र में एचपीसीएल मित्तल एनर्जी, आदित्य बिड़ला ग्रुप, जीई एयरोस्पेस, एशियन पेंट्स, रोकमैन इंडस्ट्रीज और क्यूएच टालब्रोज जैसी कई कंपनियों ने भाग लिया।प्रधानाचार्य प्रवेश सांगवान और उपप्रधानाचार्य सह प्लेसमेंट अधिकारी पंकज मलिक ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी।
उन्होंने बताया कि संस्थान में केवल पढ़ाई ही नहीं बल्कि माॅक इंटरव्यू, ग्रुप डिस्कशन और इंडस्ट्रियल विजिट के माध्यम से विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास किया जाता है जिससे उनकी रोजगार क्षमता में निरंतर वृद्धि हो रही है। संस्थान उद्योगों के साथ निरंतर एमओयू साइन कर रहा है ताकि भविष्य में विद्यार्थियों को बेहतर इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर मिल सकें।
नया सत्र और दाखिला प्रक्रिया
संस्थान ने विद्यार्थियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए स्किल ओरिएंटेड कोर्स शुरू किए हैं। साथ ही, आगामी सत्र 2026-27 से एन्वायरनमेंटल इंजीनियरिंग का नया तीन वर्षीय डिप्लोमा कोर्स भी शुरू किया गया है। दाखिले के लिए रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 10 जून निर्धारित की गई है।