जातिसूचक टिप्पणियां करने और लाठी-डंडों से पीटने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
सोनीपत। कुंडली स्थित निफ्टम संस्थान में कार्यरत सिक्योरिटी गार्ड पर हमला करने का मामला सामने आया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने एक नामजद समेत छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गांव कुंडली निवासी कृष्णपाल ने प्राथमिकी दर्ज कराई है कि वह अनुसूचित जाति हैं। निफ्टम शिक्षण संस्थान में सुरक्षा गार्ड के रूप में कार्यरत हैं। उनके अनुसार दोपहर के समय ड्यूटी के दौरान सहकर्मी अतुल ने उन्हें दूसरी जगह जाने के लिए कहा लेकिन उन्होंने अधिकारियों के निर्देश के बिना पोस्ट छोड़ने से इन्कार कर दिया। इसको लेकर उनकी कहासुनी हो गई। आरोप है कि जाते समय अतुल ने रात में देख लेने की धमकी दी थी।
पीड़ित का कहना है कि रात करीब दस बजे ड्यूटी खत्म कर घर लौटते समय शिक्षण संस्थान के बाहर अतुल और उसके पांच साथियों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने जातिसूचक टिप्पणियां करते हुए लाठी-डंडों से हमला कर दिया। इससे वह बेहोश हो गए। घायल को पहले नागरिक अस्पताल और बाद में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया।