फोटो 01- सोनीपत रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के सामान की जांच करती डॉग स्क्वायड की टीम। संवाद
सोनीपत। गणतंत्र दिवस समारोह को लेकर रेलवे स्टेशन पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बुधवार को सुबह रोहतक से रेलवे स्टेशन पर पहुंची बम निरोधक दस्ता व डॉग स्क्वायड की टीमों ने जीआरपी व आरपीएफ के साथ मिलकर जांच अभियान चलाया। करीब डेढ़ घंटा चलाए गए अभियान के दौरान टीम ने रेलवे स्टेशन पर आने-जाने वाले यात्रियों के सामान की जांच की। रेलवे स्टेशन पर रुकने वाली सभी ट्रेनों में भी सघन जांच अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वायड टीम ने रेलवे स्टेशन के चप्पे-चप्पे की जांच कर सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता की।
बुधवार सुबह रोहतक से बम निरोधक दस्ते के प्रभारी एएसआई शमशेर सिंह के साथ उनकी आठ सदस्यीय डॉग स्क्वायड टीम ने जीआरपी प्रभारी नरेश कुमार, आरपीएफ प्रभारी व पुलिसकर्मियों के साथ संयुक्त जांच अभियान चलाया। इस दौरान सभी प्लेटफार्म पर जांच अभियान चलाया गया। डॉग स्क्वायड टीम ने यात्रियों के सामान की जांच की। ट्रेनों में भी जांच अभियान चलाया गया। जीआरपी प्रभारी नरेश कुमार ने बताया कि सीसीटीवी से हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है। गणतंत्र दिवस तक अभियान जारी रहेगा।