सोनीपत। गांव बैंयापुर गांव स्थित राजकीय स्कूल के सामने बाइक की टक्कर से सड़क पर गिरे दूसरी बाइक पर सवार को कैंटर ने कुचल दिया। हादसे में उनकी मौत हो गई। वह निजी स्कूल की वैन चलाते थे और बच्चों को स्कूल छोड़ने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे।
गांव हरसाना कलां निवासी तुषार ने सदर थाना सोनीपत में प्राथमिकी दर्ज कराई है कि उनके ताऊ का बेटा प्रदीप सरोहा (33) निजी स्कूल की वैन चलाते थे। वह सोमवार सुबह बच्चों को स्कूल में छोड़ने के बाद वहां से बाइक पर सवार होकर घर लौट रहे थे।
जब वह गांव बैंयापुर के राजकीय स्कूल के पास पहुंचे तो सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उनके भाई की बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही प्रदीप सड़क पर गिर गए। तभी पीछे से आ रहे कैंटर ने उन्हें चपेट में ले लिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल अवस्था में उन्हें तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।