गोहाना। बरोदा थाना पुलिस ने लाठी डंडे से पीटकर युवक की हत्या करने के मामले में दूसरे आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव आहुलाना निवासी अनिल उर्फ निहाल है। जांच में पता लगा था कि अश्वनी व उसका साथी अनिल गांव के ही संदीप के साथ एक माह पहले हरिद्वार गए थे। हरिद्वार में किसी कांवड़िया का बैग चोरी कर लिया था और आरोप अनिल पर लगा था। जबकि अनिल व अश्वनी को शक था कि बैग संदीप ने चोरी किया है। इसी रंजिश में उनकी हत्या की गई थी।
25 अगस्त को कुलदीप ने शिकायत दी थी कि उनके भाई संदीप सुबह 6 बजे गांव की चौपाल के पास बेंच पर घायल अवस्था में लेटे हुए मिले थे। इसके बाद वह संदीप को उठाकर घर ले गए थे। संदीप ने परिजनों को बताया था कि उन्हें अनिल व अश्विनी ने बेवजह डंडे से पीटा है। परिजन घायल को उपचार के लिए नागरिक अस्पताल ले गए। वहां उपचार के दौरान संदीप की मौत हो गई थी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी अश्वनी को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। अब दूसरे आरोपी अनिल उर्फ निहाल को गिरफ्तार करके एक दिन के रिमांड पर लिया है। उसके पास से एक बांस का डंडा भी बरामद किया है।