फोटो 31- सोनीपत के खरखौदा के पिपली स्थित राज्य राजमार्ग-18 का निरीक्षण करने पहुंचे एसडीएम डाॅ.
- फोटो : pargwaal
खरखौदा। शहर से दिल्ली की तरफ जाने वाले राज्य राजमार्ग-18 पर गांव पिपली में लगने वाले जाम और जलभराव की समस्या को लेकर एसडीएम डाॅ. निर्मल नागर ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ दौरा किया। उन्होंने मार्ग की हालत का जायजा लेने के बाद अधिकारियों को सड़क व पानी की व्यवस्था को तत्काल दुरुस्त करने के आदेश दिए। दो वर्षों से इस क्षेत्र में सड़क की मरम्मत न होने से लोगों और वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इंडस्ट्रीयल माॅडल टाउनशिप (आईएमटी) के कारण यह सड़क क्षेत्र के लिए लाइफलाइन मानी जाती है। इसके बावजूद टूटी सड़कें और जलभराव क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ा रहे हैं। खस्ताहाल सड़क के कारण पिपली गांव में दो वर्ष से जाम की समस्या गहराई हुई है। इससे वाहन चालक तो परेशान हैं ही, ग्रामीणों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने बीडीपीओ को निर्देश दिए कि पंचायत के माध्यम से जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पानी की सही निकासी के लिए पहले से बने नालों की सफाई कराई जाए।
एसडीएम ने अधिकारियों को जल्द समस्याओं का समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सड़क व जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने में किसी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सड़क की खस्ता हालत से ग्रामीण और वाहन चालक परेशान न हों, इसका भी ख्याल रखा जाए। इस दौरान एक्सईएन प्रशांत कौशिक, सुदेश कुमारी, नायब तहसीलदार अशोक कुमार सहित अन्य मौजूद रहे।
एसडीएम के दौरे के दौरान ग्रामीणों ने सड़क निर्माण को लेकर अपनी शिकायत दी। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क उनकी निजी जमीन पर बनाई गई है। एसडीएम ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि वह इसकी जांच के लिए शिकायत दर्ज कराएं, उचित कार्रवाई की जाएगी।