हरियाणा के सोनीपत जिले के खरखौदा में राष्ट्रीय राजमार्ग 334बी पर झरोठी मोड़ टोल प्लाजा के पास दो निजी बस चालकों ने स्कार्पियो सवार युवकों पर हमला कर नकदी छीनने का आरोप लगाया है। एक बस चालक का आरोप है कि उन्हें धमकी दी जा रही है कि अगर इस रूट पर बस चलानी है तो मंथली देनी होगी। मामले की शिकायत बस चालक ने पुलिस को दी। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
उत्तर प्रदेश के जिला हापुड़ के गांव वैट निवासी बस चालक दीन मोहम्मद का कहना है कि वह मलिकपुर निवासी सुमित की बस पर चालक है। वह रेवाड़ी से सवारी लेकर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जाता है जबकि सुमित की ही दूसरी बस पर उत्तर प्रदेश मेरठ के मंडाली निवासी फरमान भी चालक है। वह रोहतक से सवारी लेकर उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जाता है।
यह भी पढ़े : Haryana: यमुनानगर के PVC व्यापारी से 50 लाख रंगदारी मांगने वाला बदमाश चढ़ा STF के हत्थे
दीन मोहम्मद का कहना है कि वह दोनों चालक खरखौदा होकर गुजरते हैं और शुक्रवार को भी दोनों सवारियां लेकर जब खरखौदा से कुछ आगे बढ़े तो देर शाम स्कार्पियो गाड़ी ने ओवरटेक कर उन्हें रोक लिया। जिसमें पांच-छह युवक सवार थे। चालक का आरोप है कि वह परिचालक से जबरदस्ती बस का दरवाजा खुलवाकर बस में घुस गए और पिटाई करके उसकी जेब से 22 हजार रुपये निकाल लिये।
यह भी पढ़ें : ममता शर्मसार: मां ने अस्पताल में बच्ची का गला दबाकर मारने का किया प्रयास, डॉक्टर ने CCTV में देखा तो बचाई जान
आरोपियों ने उनके पीछे खड़ी दूसरी बस पर डंडे मारकर शीशे तोड़ दिए। दूसरी बस के चालक फरमान से भी नकदी छीन ली गई। शीशे टूटने से बस में सवारियों को चोट आई है। चालक का आरोप है कि आरोपियों ने उन्हें धमकी दी है कि इस रूट पर बसों को चलाना है तो मंथली देनी होगी। मंथली नहीं देने पर उन्हें जान से मारने की धमकी दी है। आरोपियों में से दो को वह पहचानते हैं। वह पहले भी उनकी पिटाई करके नकदी छीन चुके हैं। उस दौरान उन्होंने पुलिस को कोई शिकायत नहीं दी थी। पुलिस ने दो नामजद सहित अन्य के खिलाफ नकदी छीने व जबरन पैसे मांगने का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।