सोनीपत। सीएम मनोहरलाल का सोमवार को शहर में विभिन्न जगहों पर चाय पर चुनावी चर्चा का कार्यक्रम रहा। सीएम का काफिला बहालगढ़ रोड से गुजरना था, जिससे पहले पुलिस कर्मियों ने सड़क किनारे खड़ी मेयर प्रत्याशी की स्कूटी की हवा निकाल दी। इस पर मेयर प्रत्याशी ने बैंक से बाहर निकलने के बाद देखा तो उनकी स्कूटी के टायर की हवा निकली हुई थी। तभी मेयर प्रत्याशी संत धर्मबीर सड़क किनारे खड़े पुलिस कर्मियों से भिड़ गए। इसके बाद पुलिस कर्मियों ने उसको किसी तरह शांत कराया।
निगम चुनाव में मेयर के प्रत्याशी संत धर्मबीर चोटीवाला बहालगढ़ रोड पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में लेनदेन करने के लिए स्कूटी पर सवार होकर आए थे। वह अपनी स्कूटी को सड़क किनारे खड़ा करके बैंक में चले गए। उसी जगह से सीएम मनोहरलाल को चाय पर चुनावी चर्चा के लिए निकलना था। तभी पुलिस कर्मियों ने सड़क पर खड़ी स्कूटी की हवा निकाल दी और बैंक की दीवार के पास स्कूटी ले जाकर खड़ी कर दी। बैंक से बाहर आए मेयर प्रत्याशी ने अपनी स्कूटी के टायरों की हवा निकली हुई देखी तो वह पास खड़े पुलिस कर्मियों से भिड़ गए। सीएम मनोहरलाल के आगमन की सूचना के चलते पुलिस कर्मियों ने उनको किसी तरह शांत किया।