जीटी रोड के गन्नौर व गांव बाय के बीच ट्रैक्टर की चपेट में आने से स्कूटी सवाल गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन के लोग उसे इलाज के लिए रोहतक पीजीआई ले जा रहे थे तो उसने रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों की सूचना पर थाना बड़ी पुलिस रोहतक पीजीआई पहुंची और शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
गांव बाय निवासी सत्यवान ने पुलिस को बताया कि उसका छोटा भाई रवि (24) सोमवार की शाम स्कूटी पर सवार होकर गन्नौर अड्डे से दूध लेकर लौट रहा था। जब वह गन्नौर व गांव बाय के बीच कनक ढाबे के पास पहुंचा तो पीछे से ट्रैक्टर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर लगते ही उसका भाई रवि सड़क पर गिरकर घायल हो गया। टक्कर मारने के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। जब उन्हें सड़क दुर्घटना की सूचना मिली तो वह तुरंत मौके पर पहुंचा और रवि को इलाज के लिए गन्नौर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ले गया, जहां से डॉक्टरों ने उसे रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। जब वह रवि को पीजीआई लेकर जा रहे थे तो रास्ते में उसने दम तोड़ दिया। शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।