फोटो :: सोनीपत में विसरा केस प्रॉपर्टी का निस्तारण कराती पुलिस। स्रोत पुलिस प्रवक्ता
सोनीपत। पुलिस आयुक्त ममता सिंह के मार्गदर्शन में सोनीपत पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने विभिन्न थानों से संबंधित 278 मुकदमों और डीडी नंबरों की विसरा केस प्रॉपर्टी का निस्तारण किया है। यह निस्तारण वैज्ञानिक और पर्यावरण-अनुकूल तरीके से किया गया।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक के निर्देश की अनुपालना में की गई थी। निस्तारण की प्रक्रिया सहायक पुलिस आयुक्त मुख्यालय एवं जिला स्तरीय निपटान समिति के अध्यक्ष अजीत सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुई। कार्रवाई से पहले सभी 278 मामलों की विसरा केस प्रॉपर्टी का भौतिक सत्यापन किया गया।
अजीत सिंह ने बताया कि निस्तारण प्रक्रिया को पारदर्शी बनाए रखने के लिए इसकी फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी भी कराई गई। इस दौरान जिला निरीक्षक सोनीपत, सिविल सर्जन सोनीपत के प्रतिनिधि डॉ. संदीप शर्मा, जिला राजस्व अधिकारी के प्रतिनिधि सुशील शर्मा, हरियाणा राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के प्रतिनिधि तथा एमएस एसडी बायो वेस्ट मैनेजमेंट कंपनी, बालंद, जिला रोहतक के प्रतिनिधि मौजूद रहे।