फोटो : सोनीपत के खरखौदा स्थित अस्पताल में भर्ती बिजेंद्र चोटीवाला के बयान दर्ज करती पुलिस। संव
खरखौदा। सेहरी गांव में सरपंच सोनिया के पति बिजेंद्र पर शनिवार को उनके कार्यालय में आकर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। बिजेंद्र ने खांडा गांव के एक युवक और उसके साथ आए करीब 20 लोगों पर धारदार हथियार व लाठी-डंडों से हमला करने का आरोप लगाया है।
आरोप है कि उनके रोड़ी-डस्ट के स्टाॅक पर से आरोपी फ्री में सामान की मांग कर रहा था। जब उन्होंने फ्री में सामान देने से मना किया तो नकाबपोश हमलावरों ने आकर उन पर हमला कर दिया। मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है।
बिजेंद्र चोटीवाला का कहना है कि वह गांव के अड्डे पर स्थित अपने रोड़ी-डस्ट के स्टाॅक कार्यालय में अपने परिवार सदस्यों व कुछ दोस्तों के साथ बैठे हुए थे। इसी दौरान खांडा गांव का एक युवक अपने करीब 20 नकाबपोश साथियों के साथ उनके कार्यालय में आ पहुंचा।
वह कुछ समझ पाते इससे पहले ही हमलावरों ने उनपर हमला कर दिया। इतना ही नहीं कार्यालय में रखे फ्रीज, टेबल, कैमरों सहित अन्य सामान को भी तोड़ दिया। हमले के बाद वह उन्हें जान से मारने की धमकी देकर अपनी बाइकों पर बैठ कर भाग गए।
बिजेंद्र का आरोप है कि खांडा के युवक की ओर से उन्हें फोन कर स्टाॅक से निर्माण सामग्री फ्री में देने की मांग की गई थी। उनके ऐसा करने से मना करने पर आरोपी ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर हमला किया है। जिसमें वह खुद व उनके साथी पंकज घायल हो गए। पुलिस की तरफ से मामले की जांच की जा रही है।