सोनीपत। गांव तिहाड़ कलां में बिजली निगम के कर्मियों को धमकी देने व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के आरोपी सरपंच पवन को सदर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जमानत पर छोड़ दिया है। सरपंच के खिलाफ बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता ने प्राथमिकी दर्ज कराई थी। टीम ने मंगलवार को तिहाड़ कलां व तिहाड़ खुर्द में डिफाल्टरों के कनेक्शन काटे थे। इनमें तिहाड़ कलां के सरपंच का कनेक्शन भी था।
बिजली निगम के कनिष्ठ अभियंता सूरज ने सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई कि महलाना शिकायत केंद्र के एरिया इंचार्ज वेदांत, लाइनमैन रमेश, सहायक लाइनमैन राजेंद्र और प्रवीण ने 17 मार्च को विभागीय को लिखित शिकायत में आरोप लगाया था कि गांव तिहाड़ कलां के सरपंच पवन ने उन्हें जान से मारने की धमकी दी है।
इस पर उन्होंने सदर थाना में शिकायत भिजवा कर कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की थी। इस मामले में पुलिस ने आरोपी सरपंच पवन को गिरफ्तार कर लिया।
कनिष्ठ अभियंता की शिकायत पर सरपंच के खिलाफ धमकी देने व सरकारी काम में बाधा पहुंचाने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बाद में सरपंच को जमानत दे दी गई।
- इंस्पेक्टर अशोक कुमार, थाना प्रभारी, सदर सोनीपत