कुंडली बॉर्डर पर किसानों के आंदोलन को एक बार फिर से लगातार समर्थन मिलने लगा है। सरोहा व बालियाण खाप ने बैठक कर किसानों को समर्थन देने की बात कही है। वहीं चरखी दादरी बार एसोसिएशन के साथ ही रोहट के ग्रामीण भी कुंडली धरनास्थल पर पहुंच गए हैं। एक दिन पहले किसान आंदोलन को समर्थन बरकरार रखने की घोषणा करने वाली दहिया खाप के सदस्यों ने कुंडली बॉर्डर पर ठहरे किसानों के बीच डेरा जमा लिया है। फिर से यहां खाप के सैकड़ों सदस्य पहुंच गए हैं। खाप के लगभग प्रत्येक गांव से यहां सदस्य पहुंचे हैं।
बैंयापुर में जुटे सरोहा खाप के पदाधिकारी, आज करेंगे खाप की बैठक
शनिवार को गांव बैंयापुर में सरोहा खाप के प्रतिनिधि व ग्रामीण एकत्रित हुए और किसान आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की गई। बैठक में सरोहा खाप के प्रधान रणधीर सरोहा, खाप के सचिव रणसिंह, अशोक सरोहा, पवन सरोहा रतनगढ़ व अन्य ग्रामीणों ने भाग लिया। चौधरी हजारी लाल ने पंचायत की अध्यक्षता की। इन दौरान विजय आर्य ने तीन कानूनों की खामियां बताई। रविवार को नवजीवन अस्पताल के सामने छोटूराम धर्मशाला में सरोहा खाप की पंचायत का आयोजन किया जाएगा। जिसमें आंदोलन में शामिल होकर आगे की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
बालियाण खाप ने किसान आंदोलन का किया समर्थन
गणतंत्र दिवस पर ट्रैक्टर परेड के दौरान दिल्ली में हुई हिंसा के बाद कमजोर हुए किसान आंदोलन को अब एक बार फिर से मजबूती मिलनी शुरू हो गई है। शनिवार को महलाना गांव में बालियाण खाप ने एकत्रित होकर किसानों का समर्थन किया तथा बड़ी संख्या में किसान ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर महलाना गांव से कुंडली बॉर्डर की तरफ रवाना हुए। किसान दर्शन ने बताया कि तीन कृषि कानून किसानों के हित में नहीं है। गणतंत्र दिवस पर लाल किले पर जो घटना हुई, वह निंदनीय है। इस घटना के पीछे जो लोग है सरकार को उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, परंतु बेवजह किसी भी किसान नेता को परेशान नहीं करना चाहिए।
दहिया खाप के प्रतिनिधि धरने पर डटे
दहिया खाप के प्रतिनिधि एक बार फिर धरनास्थल पर डट गए हैं। खाप के चांद पहलवान व ढिल्लू ने बताया कि वह यहां किसानों के साथ शुरू से ही जमे हुए हैं और लगातार संख्या बढ़ा रहे हैं। किसानों की मांगों को लेकर सरकार पर दबाव बनाया जाएगा। जब तक सरकार उनकी मांगे नहीं मानती, तब तक वे यहां से नहीं उठेंगे। दहिया खाप के सदस्य धरने पर ट्रैक्टर ट्रालियों में सवार होकर पहुंचे थे और साथ में तिरंगे व लाठियां लेकर भी गए। इसके अलावा राशन व अन्य सामान भी किसानों के पास पहुंचाया गया। खाप ने आह्वान किया है कि हर गांव से कुछ न कुछ मदद जरूर की जाए। खाप सदस्यों ने लंगर भी शुरू कर दिया है।
चरखी दादरी बार एसोसिएशन के पदाधिकारी बोले किसानों के आंदोलन में उनके साथ खड़े
शनिवार को चरखी दादरी बार एसोसिएशन के पदाधिकारी व अन्य सदस्य कुंडली बॉर्डर पर पहुंचे और किसान आंदोलन को जायज बताया। प्रधान सुरेंद्र मेहरा ने कहा कि किसानों की सभी मांग पूरी तरह से जायज है। सरकार को चाहिए वह किसानों की मांगों को जल्द पूरा करें। देशभर के वकील भी किसानों को समर्थन दे रहे हैं। किसानों का आंदोलन शुरुआत से ही शांतिपूर्ण रहा है। उसे बदनाम करने का प्रयास किया जा रहा है।
रोहट से धरना स्थल को रवाना हुए ग्रामीण
गांव रोहट के ग्रामीण किसानों के समर्थन में खड़े हो गए हैं। गांव से करीब 40 ट्रैक्टर खाने का सामान लेकर कुंडली बॉर्डर की तरफ रवाना हुए। इस दौरान ईश्वर साद, महावीर, युद्धवीर, ज्ञानू, मनोज, चांद, जय सिंह, हेमचंद्र, संदीप, लालू ने कहा कि किसानों को गांव की तरफ से हर संभव मदद दी जाएगी। अब गांव की तरफ से कुंडली बॉर्डर पर लगातार लंगर लगाया जाएगा।
कुंडली धरनास्थल पर पहुंचे चरखी दादरी बार एसोसिएशन के सदस्य। संवाद- फोटो : Sonipat
गांव रोहट से धरनास्थल के लिए रवाना होते ग्रामीण। संवाद- फोटो : Sonipat