सोनीपत। सोनीपत में सफाई और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल शुक्रवार को भी जारी रही। इस हड़ताल के कारण शहर में करीब 950 टन कूड़ा उठान के अभाव में पड़ा हुआ है। कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल को 30 अगस्त तक बढ़ा दिया है।
कर्मचारियों का कहना है कि यदि सरकार ने उनकी मांगों का समय पर समाधान नहीं किया। तो आंदोलन अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल जाएगा। सोनीपत के अलावा गोहाना, गन्नौर और खरखौदा में भी सफाई कर्मचारियों के धरने जारी हैं। हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है। विभिन्न क्षेत्रों में कूड़े के ढेर बढ़ते जा रहे हैं। कर्मचारियों ने सरकार से लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग की है। उन्होंने पूर्व में हुए समझौते को लागू करने पर भी जोर दिया। कर्मचारियों ने 23 मई को हुए समझौते के अनुसार मांगों को लागू करने की अपील की। उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द समाधान न होने पर हड़ताल अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदल जाएगी।
इंसेट
धरना स्थल पर त्योहार मनाया
खरखौदा नगर पालिका के गेट पर धरनारत सफाई कर्मचारियों ने शुक्रवार को धरना स्थल पर ही रक्षाबंधन मनाया। कर्मचारियों के परिवार की बहन-बेटियां धरना स्थल पर पहुंची। उन्होंने अपने भाइयों की कलाई पर राखी बांधी। त्योहार के बीच कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। उन्होंने लंबित मांगों को जल्द पूरा करने की मांग दोहराई। महिला कर्मचारियों ने कहा कि सरकार की अनदेखी के कारण उन्हें अपने त्योहार धरना स्थल पर मनाने पड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि वर्ष 2016 में कर्मचारियों ने काली दिवाली मनाई थी। इस बार 15 अगस्त और तीज का त्योहार भी धरना स्थल पर बीता। अब रक्षाबंधन भी यहीं मनाना पड़ा है। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि आर्थिक संकट से परिवार का पालन-पोषण मुश्किल हो गया है।