गोहाना। नगर परिषद के सफाईकर्मियों ने शुक्रवार को शहर में जुलूस निकालकर अपनी मांगों को लेकर रोष जताया। इसके बाद सफाईकर्मियों ने कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और विधायक इंदुराज नरवाल के कार्यालय में मांगों का ज्ञापन सौंपा। जुलूस का नेतृत्व नगर पालिका कर्मचारी संघ की गोहाना इकाई के प्रधान प्रेम कुमार ने किया।
प्रेम कुमार ने कहा कि सफाईकर्मी अपनी मांगों को लेकर 16 दिन से हड़ताल पर हैं। हड़ताल से शहरवासियों के साथ कर्मचारियों को भी असुविधा हो रही है। उन्होंने कहा कि ठेकेदारी के तहत लगे कर्मचारियों को निर्धारित न्यूनतम वेतन भी नहीं दिया जा रहा। उन्होंने बताया कि मई में सफाईकर्मियों की हड़ताल के दौरान सरकार ने 17 मांगों पर सहमति जताई थी। सरकार की अनदेखी से कर्मचारियों में रोष है। मांगें पूरी होने के बाद ही हड़ताल खत्म की जाएगी।