गन्नौर। नगरपालिका की ओर से शहर में सफाई व्यवस्था के जहां लंबे-चौड़े दावे किए जा रहे हैं, वहीं इन दिनों वार्ड-9 में सफाई व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। सड़कों, गलियों व नालियों में कचरे के ढेर लगे हैं। इससे चारों ओर दुर्गंध फैल रही है। नालियों का पानी सड़क पर फैल रहा है। इससे वाहन चालकों व राहगीरों को आवागमन में परेशानी झेलनी पड़ रही है।
वार्ड वासी हरीश कुमार, नरेश, आदि, नितिन, प्रमोद कुमार ने कहा कि सफाई व्यवस्था को लेकर नगरपालिका में कई बार शिकायत दी गई है, लेकिन उनकी समस्या का कोई समाधान नहीं किया जा रहा है। वहीं पूर्व पार्षद अशोक सैनी ने नगरपालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।
उन्होंने कहा कि वह खुद इस मुद्दे को लेकर कई बार नपा चेयरमैन व अधिकारियों से मिलकर समाधान की गुहार लगा चुके हैं, लेकिन सफाई कर्मियों की ड्यूटी में ढिलाई व कचरे का समय पर उठान न करने से समस्या जस की तस बनी हुई है। उन्होंने आशंका जताई कि बारिश के मौसम में कचरा फैलने व मच्छर-मक्खी पनपने से बीमारी फैलने का संकट पैदा हो सकता है।
मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से डेंगू व मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडरा रहा है। लोगों ने नगरपालिका से जल्द सफाई अभियान चलाकर वार्ड में समस्या का समाधान करवाने की मांग की।
नगरपालिका की ओर से सोमवार सफाई कर्मियों को मौके पर भेजकर सफाई करवा दी जाएगी। वार्ड-9 के लोगों की समस्या को लेकर सफाई निरीक्षक को भी जल्द समाधान करवाने के निर्देश दिए गए हैं।
- प्रदीप खर्ब, सचिव, नगरपालिका, गन्नौर