संवाद न्यूज एजेंसी
खरखौदा। अनाज मंडी में आने वाले गेहूं की गुणवत्ता को कमतर बताकर उसकी खरीद नहीं की जा रही है। मंडी में अभी तक खाद्य आपूर्ति विभाग की ओर से एक दान नहीं खरीदा गया है। ऐसे में शनिवार को अनाज मंडी खरखौदा के आढ़तियों ने किसानों का गेहूं डलवाना बंद कर दिया था।
सोमवार को एफसीआई की क्वालिटी असेसमेंट कमेटी ने पहुंचकर अनाज मंडी में आए गेहूं की जांच की। उसकी रिपोर्ट आला अधिकारियों को भेजी जाएगी। रिपोर्ट के आधार पर खरीद एजेंसी की ओर से गेहूं खरीदा जाएगा या नहीं उसका फैसला लिया जाएगा।
अनाज मंडी में आने वाले गेहूं को ज्यादा नमी, रंग खराब होने के साथ ही दाने कमजोर होने की बात कहकर एजेंसी ने खरीदने से मना कर दिया है था। आढ़तियों का कहना है कि जब एजेंसी ही नहीं खरीद रही है तो वह गेहूं कहां लेकर जाएंगे। सोमवार को भी मंडी सूनसान पड़ी रही।
सिर्फ मंडी के शेड के नीचे ही शुुरुआत में आए हुए गेहूं की ढेरियां पड़ी हुई थी। उधर, क्षेत्र के किसानों ने भी तहसील में पहुंचकर गेहूं की खरीद शुरू कराने की मांग की। इस पर तहसीलदार बिजेंद्र नांदल ने कहा कि क्वालिटी असेसमेंट कमेटी की तरफ जांच करने के बाद खरीद को लेकर फैसला लिया जाएगा।
-
क्षेत्र के हर छोर से आए गेहूं के सैंपल लिए
क्वालिटी असेसमेंट कमेटी की तरफ से विभिन्न आढ़तियों की तरफ से खरीद गए गेहूं की जांच करने के दौरान क्षेत्र के हर छोर से आए गेहूं के सैंपल लिए ताकि क्षेत्र में अलग-अलग जगह से आने वाले गेहूं की क्वालिटी की जांच हो सके ताकि उसके आधार पर रिपोर्ट तैयार हो। रिपोर्ट के आधार पर गेहूं की खरीद कितनी छूट देने के साथ की जाएगी इस पर फैसला लिया जाएगा।
-
क्वालिटी असेसमेंट कमेटी की तरफ से मंडी में गेहूं की जांच कर सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट तैयार कर उनकी तरफ से मुख्यालय भेजी जाएगी। इसके आधार पर आगामी कार्रवाई होगी। -प्रवेश कुमार, निरीक्षक, खाद्य आपूर्ति विभाग।