सोनीपत। गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय में समाधान शिविर में वीरवार को चार शिकायतें आई। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने दो शिकायतों का मौके पर समाधान करवाया। शिविर में पेंशन की शिकायत लेकर पहुंची सोनीपत निवासी सुदेश दुआ की शिकायत पर उपायुक्त ने समाज कल्याण विभाग के अधिकारी को जल्द उनकी पेंशन बनवाने का निर्देश दिया।
दूसरी शिकायत में गांव सलीमपुर ट्राली के पंचों ने उपायुक्त को शिकायत दी कि सरपंच की ओर से उन्हें पंचायत का रिकाॅर्ड उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। उपायुक्त ने डीडीपीओ को निर्देश दिए कि पंचायत का रिकाॅर्ड पंचों को उपलब्ध करवाया जाए। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि शिविर में 10 जून 2024 से 2 जनवरी 2025 तक कुल 7633 शिकायतें प्राप्त हुई। इनमें से 6343 का निवारण किया जा चुका है। इसके अलावा 277 शिकायतों को रिजेक्ट व 773 को समाधान के लिए संबंधित विभागों के पास भेजा गया है। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, नगराधीश रेणुका नांदल, डीसीपी मनवीर सिंह, डीआरओ हरिओम अत्री व डीडीपीओ जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।