फोटो 04- सोनीपत के गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय में समाधान शिविर के दौरान शिकायत सुनते उपायुक्त
सोनीपत। गोहाना रोड स्थित लघु सचिवालय में सोमवार को समाधान शिविर में 24 शिकायतें आईं। उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने लोगों की समस्या सुनते हुए छह शिकायतों का मौके पर समाधान करवाया। अन्य 18 शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को समाधान करवाने के निर्देश दिए।
उपायुक्त डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि शिविर में 10 जून से 16 दिसंबर तक कुल 7354 शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें से 6119 का समाधान किया जा चुका है। इसके अलावा 257 शिकायतों को रिजेक्ट व 978 को समाधान के लिए संबंधित विभागों के पास भेजा गया है। शिविर में आने वाली शिकायतों की अपडेट रिपोर्ट समाधान प्रकोष्ठ के पोर्टल पर अपडेट की जा रही है। सोमवार को शिविर में एक बिजली बिल, आधार कार्ड, जमीन कब्जा दिलवाने व हटवाने, विकलांग पेंशन, महिला उत्पीड़न व परिवार पहचान पत्र में आय ठीक करवाने संबंधित शिकायत का मौके पर समाधान करवाया गया।
जिलास्तर के अलावा नगर निगम कार्यालय, नगर परिषद गोहाना, नगरपालिका खरखौदा, गन्नौर व कुंडली में भी समाधान शिविर लगाया जा रहा है। शिविर में अतिरिक्त उपायुक्त अंकिता चौधरी, एसडीएम अमित कुमार, नगराधीश रेणुका नांदल, डीसीपी नरेंद्र सिंह, डीआरओ हरिओम अत्री व डीडीपीओ जितेंद्र कुमार मौजूद रहे।