फोटो 27- सोनीपत के मुरथल रोड स्थित ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में खंडहर हुए मकान। संवाद
सोनीपत। मुरथल रोड स्थित ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एटलस कंपनी के खंडहर हुए मकान स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का कारण बने हुए हैं। लोगों का आरोप है कि इन खंडहर मकानों में शाम के समय शरारती तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों ने शुक्रवार को रोष जताकर प्रशासन से उनकी समस्या का समाधान करवाने की मांग की।
स्थानीय निवासी सुभाष सिंह, नीलम, पूनम शर्मा, निधि रेलन, रेनू बत्रा, महेश बत्रा, बिमला व प्रेमलता ने कहा कि ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में एटलस कंपनी की ओर से काफी समय पहले कर्मचारियों के लिए मकान बनाए गए थे। यह मकान काफी समय से बंद रहने के कारण बीते वक्त के साथ खंडहर हो चुके हैं। खंडहर मकानों में शाम के समय शरारती तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है। लोगों का आरोप है कि इन मकानों में कुछ युवक नशीले पदार्थों का सेवन हुड़दंग मचाते हैं। इससे आसपास रहने वाले बच्चों पर भी बुरा असर पड़ रहा है। ऐसे में स्थानीय लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। उन्होंने बताया कि वह इस बारे में कई बार कंपनी के अधिकारियों को शिकायत कर चुके हैं, लेकिन उनकी काई सुनवाई नहीं हो रही। लोगों ने कहा कि खंडहर मकानों के एक तरफ हरि शरणम् पार्क है तो दूसरी ओर लक्ष्मी नारायण मंदिर है। यहां से गुजरते समय महिलाओं व बच्चों को डर बना रहता है। उन्होंने प्रशासन से मांग की, कि उनकी समस्या का जल्द समाधान करवाया जाए।
फोटो 27- सोनीपत के मुरथल रोड स्थित ओल्ड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में खंडहर हुए मकान। संवाद