सोनीपत। नगर निगम क्षेत्र में विभिन्न विकास कार्यों के लिए डी प्लान के तहत ढाई करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। जल्द ही विकास कार्यों का टेंडर जारी किया जाएगा। इससे विभिन्न कॉलोनियों की समस्याओं का समाधान किया जाएगा।
मेयर राजीव जैन ने बताया कि मॉडल टाउन संस्कृति मॉडल स्कूल में कमरों के निर्माण के लिए 15.38 लाख, कन्या महाविद्यालय में शेड के निर्माण का कार्य पूरा करने के लिए 10 लाख, जटवाड़ा स्थित सरकारी स्कूल में हॉल एवं चार कमरों का निर्माण करने के लिए 20 लाख रुपये मंजूर कराए गए हैं।
सुभाष स्टेडियम में चल रहे कार्यों को पूरा करने के लिए 23.40 लाख रुपये, पटेल नगर में गली के निर्माण के लिए 9 लाख रुपये, ककरोई चौक पर टाइल बिछाने के लिए 9 लाख रुपये, सेक्टर-14 में सीवर लाइन डालने के लिए 10 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
मेयर ने बताया कि मशद मोहल्ला में सीवर लाइन के लिए 20 लाख, मुरथल रोड पर झूले वाली गली में पानी की लाइन डालने के लिए 10 लाख, रेलवे पार्क के पास पार्किंग में शेड के लिए 7 लाख, गांव शाहपुर में गली बनवाने के लिए 12 लाख, सेक्टर-15 बड़ा पार्क में सोलर लाइट लगाने के लिए 17.24 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं।
इसके अलावा संत कबीर भवन, कालूपुर में हॉल निर्माण के लिए 10 लाख, देव नगर सरकारी स्कूल में शौचालय के लिए 10 लाख, बड़ा बगड़ पुराना शहर में गली निर्माण के लिए 8.76 लाख, जटवाड़ा स्कूल में ट्यूबवेल के लिए 10 लाख रुपये मंजूर हुए हैं।
गांव देवडू में शमशान घाट में शेड के लिए 24.62 लाख रुपये, चार मरला में सैनी चौपाल का कार्य पूरा करने के लिए 18 लाख रुपये और मायापुरी में सीवर व पानी की लाइन बदलने के लिए 25 लाख रुपये की राशि मंजूर हुई है।
लोक निर्माण विभाग सड़क के दोनों तरफ लगाएगा टाइल
मेयर ने बताया कि लगभग दो करोड़ रुपये की लागत से रेलवे रोड, एटलस रोड, मुरथल अड्डा चौक से ड्रेन नंबर 6, मुरथल अड्डा से बस स्टैंड, मिशन चौक से कालूपुर चुंगी तथा बड़वासनी से ट्रक यूनियन तक की सड़कों पर लगी टाइल की मरम्मत करने का टेंडर जारी किया गया है।