रोहित गोदारा गैंग के शूटर महेंद्र का नाम लेकर एक वॉइस मैसेज भेजा गया है जिसमें फूड सप्लीमेंट सप्लायर से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
हरियाणा के सोनीपत जिले में फूड सप्लीमेंट सप्लायर कंपनी पहल न्यूट्रिशन के मालिक वीरेंद्र पहल को कुख्यात गैंगस्टर रोहित गोदारा के नाम से दो करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई है। वीरेंद्र पहल बहालगढ़ क्षेत्र में रहते हैं और उनकी कंपनी देशभर में 130 से अधिक स्टोर चलाती है। कई हरियाणवी कलाकार भी इस ब्रांड का प्रचार करते हैं। पीड़ित वीरेंद्र पहल जो मूल रूप से गांव गुमड़ निवासी हैं उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है।
विज्ञापन
वॉइस मैसेज पर भेजी धमकी
उनके अनुसार, रोहित गोदारा गैंग के शूटर महेंद्र का नाम लेकर एक वॉइस मैसेज भेजा गया, जिसमें रंगदारी की मांग की गई। धमकी में कहा गया कि पैसे नहीं देने पर गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। पहल न्यूट्रिशन एक प्रमुख सप्लीमेंट ब्रांड है, जो व्हे प्रोटीन, वेट गेनर और अन्य फिटनेस प्रोडक्ट्स सप्लाई करता है। कंपनी का मुख्य आधार सोनीपत में है। बता दें कि रोहित गोदारा लॉरेंस बिश्नोई गैंग का करीबी है और विदेश से ऑपरेट करता है। गैंग पर कई हत्याओं, फायरिंग और रंगदारी के मामले दर्ज हैं।