हरियाणा के सोनीपत जिले के राई क्षेत्र के गांव मुकीमपुर से बरात में गए युवक की दीपालपुर-पलड़ा रोड पर रेत की खान के पास सिर में चोट मारकर हत्या के मामले से पर्दा उठाते हुए सीआईए-2 की टीम ने गांव के युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी सुनील कुमार हरियाणा रोडवेज में परिचालक है।
आरोपी ने पुलिस को बताया उसकी शराब में युवक ने पेशाब मिला दिया था। जिसका पता लगने पर हुए झगड़े में उसने युवक की हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी, ताकि अन्य की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।
मूलरूप से गांव मुकीमपुर फिलहाल शामाबाद निवासी ओमप्रकाश ने 18 फरवरी को पुलिस को बताया था कि उनके बड़े भाई नारायण सिंह का बड़ा बेटा प्रवीण (28) गांव मुकीमपुर में ही अपने परिवार सहित रहता था। वह मुरथल स्थित एक ढाबे के पास शीतल पेय की दुकान चलाता था।
प्रवीण शुक्रवार रात को गांव के अंकित की बरात में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के गांव सुल्तानपुर गया था। वह वहां से घर नहीं लौटा था। शनिवार सुबह करीब सात बजे गांव दीपालपुर-पलड़ी के बीच रेत की खान के पास प्रवीण का शव मिला था। उसके सिर के पिछले हिस्से में चोट मारकर हत्या की गई थी। बहालगढ़ थाना प्रभारी ऋषिकांत ने मौके पर जाकर जांच की थी।
पुलिस के अनुसार प्रवीण के सिर में डंडों से वार किए गए थे। पुलिस की टीम लगातार हत्यारोपी तक पहुंचने का प्रयास कर रही थी। बहालगढ़ थाना के अलावा सीआईए-2 की टीम भी मामले में जांच कर रही थी। पुलिस ने प्रवीण के साथ बरात से लौटे गांव के सुनील व अनिल से पूछताछ की थी। जिसमें सुनील ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस आरोपी को सोमवार को अदालत में पेश कर रिमांड पर लेगी
आरोपी बोला शराब में पिलाया पेशाब
आरोपी ने पुलिस की शुरुआती पूछताछ में बताया कि रात को करीब डेढ़ बजे वह गांव के पास पहुंच गए थे। गांव के पास आने के बाद भी उन्होंने शराब पी थी। इसी दौरान प्रवीण ने उसकी शराब में पेशाब मिलाकर पिला दिया। जिस पर कहासुनी हो गई। इसी वजह से उसने डंडे से सिर में वार कर उसकी हत्या कर दी।
गांव मुकीमपुर के युवक ही हत्या के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसने शुरुआती पूछताछ में बताया कि रात को शराब पीने के बाद घर जाने लगे तो रास्ते में उसे शराब में पेशाब मिलाने की बात का पता लगा। जिस पर उनका झगड़ा हो गया। इसी में उसने वारदात को अंजाम दिया। पता लगाया जाएगा कि मामले में अन्य की संलिप्तता तो नहीं है।
-इंस्पेक्टर अजय धनखड़, प्रभारी, सीआईए-2