सोनीपत। जिलेभर में तीन-चार बार हुई बारिश की रिमझिम से ही सड़कें खस्ताहाल होने लगी हैं। कई सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों के कारण राहगीरों को मुश्किल हो रहा है तो वाहन चालक डगमगा रहे हैं। इसके अलावा मानसून से पहले प्रशासन की ओर से सड़कों पर गड्ढों व निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करवाने के निर्देशों का भी कोई असर नहीं दिख रहा है।
कई जगह सड़कों पर बिछी सामग्री की ऊपरी लेयर बारिश के साथ बह गई हैं। आमजन गड्ढों में हिचकाेले खाने को मजबूर हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग से लेकर शहर व गांवों को जोड़ने वाले अधिकतर संपर्क मार्ग खस्ताहाल हो चुके हैं। निकासी का उचित प्रबंध नहीं होने से बारिश के कारण अधिकतर सड़कें खस्ताहाल होने लगी हैं।
सड़कों के निर्माण व मरम्मत पर लगाया गया करोड़ों रुपया बारिश के पानी में बह रहा है। जिलेभर के हर ब्लॉक में भले ही सड़कों के सुंदरीकरण के लिए करीब 25-25 करोड़ रुपये की राशि खर्च कर सड़कों को दुरुस्त किए जाने के दावे किए जा रहे हों लेकिन स्थिति कुछ और ही बयां कर रही हैं।
करोड़ों खर्च, सतर्कता का अभाव
लोक निर्माण विभाग से लेकर नगर निगम, मार्केटिंग बोर्ड, नगरपालिका शहर-गांवों में सड़कों को दुरुस्त रखने में सतर्क नहीं हैं। लोक निर्माण विभाग दो साल में करीब 90 सड़कों पर 110 करोड़ों रुपये से ज्यादा खर्च कर चुका है। नगर निगम, मार्केटिंग बोर्ड, नगर पालिका भी खर्च करने में पीछे नहीं है। हाल ही में नगर निगम ने सड़कों पर गड्ढे भरने के लिए 25-25 करोड़ रुपये के दो टेंडर लगाकर पैचवर्क का काम शुरू करवाया है लेकिन फिर भी सड़कों के गड्ढे बरकरार नजर आ रहे हैं।
इन सड़कों पर निकासी की अव्यवस्था
शहर में ककरोई रोड, गीता भवन रोड, ओल्ड डीसी रोड, कच्चे क्वार्टर मार्केट रोड, माॅडल टाउन, आठ मरला, दिल्ली रोड, विवेकानंद चौक, बहालगढ़ रोड, मामा-भांजा चौक, विवेकानंद चौक, मुरथल रोड, सब्जी मंडी के पास हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, सेक्टर-23 मार्ग, महलाना रोड, रोहतक रोड के कालुपुर से लहराड़ा तक, सोनीपत से पुरखास रोड सहित कई क्षेत्रों में सड़कों की हालत खस्ता है।
शहरवासी बोले-
सड़कों पर गड्ढों का स्थायी समाधान करवाने की बजाय पैचवर्क लगवाकर काम चलाया जा रहा है। ओल्ड डीसी रोड पर फरवरी में जगह-जगह पैचवर्क होने के बावजूद सड़क खस्ताहाल है। -अमित कुमार, शहरवासी
शहर में बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें टूट रही हैं। निर्माण सामग्री सड़कों पर फैल रही है। दोपहिया वाहन चालक गिरकर चोटिल हो रहे हैं लेकिन सुध लेने वाला कोई नहीं है। -दीपक दुआ, शहरवासी
अधिकारी व नेता बारिश में सड़कों के बिगड़ते हालात को देखने के बावजूद स्थायी समाधान नहीं करवा रहे हैं। जब तक निकासी व्यवस्था दुरुस्त नहीं होगी, सड़कें ऐसे ही टूटती रहेंगी। -सीए अनुज मंगला, शहरवासी
वर्जन
जिलेभर में विभिन्न सड़कों पर गड्ढों व निकासी व्यवस्था का मुद्दा प्रमुख है। इन व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाने के लिए आज भी सभी विभागों के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की गई है। बैठक में अधिकारियों को विशेष तौर पर सड़काें पर बने गड्ढों व निकासी व्यवस्था का समाधान करवाने के निर्देश दिए गए हैं। -सुशील सारवान, उपायुक्त, सोनीपत
फोटो 13- सोनीपत के मिशन चौक के पास बारिश में जलभराव होने से उखड़ी सड़क निर्माण सामग्री, गुजरते - फोटो : संवाद
फोटो 13- सोनीपत के मिशन चौक के पास बारिश में जलभराव होने से उखड़ी सड़क निर्माण सामग्री, गुजरते - फोटो : संवाद
फोटो 13- सोनीपत के मिशन चौक के पास बारिश में जलभराव होने से उखड़ी सड़क निर्माण सामग्री, गुजरते - फोटो : संवाद