सोनीपत। हलका गन्नौर के विभिन्न गांवों से गोहाना के खानपुर कलां स्थित भगत फूल सिंह (बीपीएस) महिला मेडिकल कॉलेज एवं महिला विश्वविद्यालय जाने वाले वाहन चालकों की डगर जल्द सुगम होगी। करीब 2 साल 4 माह से अधर में लटकी योजना को अब हरी झंडी मिल गई है।
लोक निर्माण विभाग गांव तेवड़ी से बजाना खुर्द वाया बजाना कलां रोड का करीब चार एकड़ में जल्द सड़क का निर्माण शुरू करवाएगा। इसके लिए टेंडर प्रकिया के बाद मुख्यालय से अलॉटमेंट मिल चुकी है।
केंद्रीय शहरी विकास एवं ऊर्जा मंत्री एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने जनवरी 2023 में तेवड़ी से बजाना खुर्द वाया बजाना कलां रोड का निर्माण करवाने की घोषणा की थी। मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल इस करीब 2.5 किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 1.44 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
फिलहाल गन्नौर से खानपुर कलां जाने के लिए लोगों को 23 किलोमीटर का सफर तय करना पड़ रहा है। गांव बजाना खुर्द से खानपुर कलां जाने वाला मार्ग कच्चा है। ग्रामीण काफी समय से मांग कर रहे थे कि मेडिकल कॉलेज व महिला विश्वविद्यालय में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए इस मार्ग को पक्का करवाया जाए।
करीब 2.5 किलोमीटर का रास्ता पक्का होता है तो गांव पुगथला, बजाना खुर्द, तेवड़ी, एमपी माजरा आदि गांवों से खानपुर कलां जाने का मार्ग सुगम हो जाएगा। फिलहाल लोगों को बजाना कलां से चार किलोमीटर लंबा सफर तय करना पड़ रहा है। तेवड़ी से बजाना कलां रोड का निर्माण होने से मार्ग की करीब 2.5 किलोमीटर की दूरी कम हो जाएगी।
जमीन व सड़क निर्माण पर कुल 4.07 करोड़ खर्च
तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल की अध्यक्षता में 20 जनवरी 2023 को ई-भूमि खरीद के तहत उच्चस्तरीय भूमि क्रय कमेटी की बैठक हुई थी। सड़क निर्माण के लिए जमीन अधिग्रहण करने को कमेटी व ग्रामीणों के बीच सहमति बनी थी। विभाग ने जमीन अधिग्रहण सहित सड़क निर्माण के लिए 4.07 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया था। किसानों से चार एकड़ जमीन खरीदने के बाद विभाग ने टेंडर प्रक्रिया पूरी कर मुख्यालय को अलॉटमेंट पत्र लिखा था।
मुख्यमंत्री घोषणा में शामिल तेवड़ी से बजाना कलां रोड का निर्माण होने से हलके के लोगों को फायदा मिलेगा। करीब सवा 2 साल बाद सड़क के निर्माण का रास्ता साफ हो गया है। क्षेत्र के लोगों को खानपुर कलां स्थित महिला मेडिकल कॉलेज व महिला विश्वविद्यालय जाने के लिए करीब 2.5 किमी सफर कम तय करना पड़ेगा।
-देवेंद्र कादियान, विधायक, गन्नौर
तेवड़ी से बजाना कलां रोड के निर्माण के लिए मुख्यालय से अलॉटमेंट मिल चुकी है। विभाग की ओर से सड़क का जल्द निर्माण कार्य शुरू करवाया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पहले ही पूरी कर ली गई है। सड़क बनने से लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
-अनिल चहल, उपमंडल अभियंता, लोक निर्माण विभाग