गन्नौर। एक सप्ताह से पानी आपूर्ति ठप होने से गुस्साए वार्ड नंबर 10 के लोगों ने बुधवार शाम रेहड़ा बस्ती रोड जाम कर दिया। इस दौरान उन्होंने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के खिलाफ रोष जताया।
उन्होंने कहा कि उनकी गली में ईदगाह रोड पर पेयजल आपूर्ति लाइन डाली गई थी। नई पेयजल लाइन में कनेक्शन किए बिना पुरानी पेयजल लाइन की सप्लाई को बंद कर दिया गया। गर्मी में लोग पेयजल के लिए तरस रहे हैं।
सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी व कनिष्ठ अभियंता ने लोगों को समझाया। करीब एक घंटे बाद जाम खुलने पर वाहन चालकों को राहत मिली।
वार्ड के लोगों ने आरोप लगाया कि जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से अमृत-2 योजना के तहत जल्दबाजी में पेयजल लाइन डाली जा रही है। विभाग की तरफ से उखाड़ी गई गलियों की मरम्मत नहीं की जा रही है। पुरानी पाइपलाइन से सप्लाई भी बंद कर दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि पानी नहीं आने से कॉलोनी वासियों मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है। विभाग की ओर से पानी का कैंटर भेजा गया था, लेकिन वह भी दूषित निकला। गर्मी में पशुओं को भी पानी इधर-उधर से लाकर पिलाना पड़ रहा है।
जाम लगाने की सूचना मिलने पर पहुंचे गन्नौर थाना प्रभारी जसपाल सिंह ने जनस्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को कॉल कर समस्या के त्वरित समाधान के लिए कहा।
सूचना के बाद कनिष्ठ अभियंता श्यामलाल मौके पर पहुंचे और लोगों को आश्वासन दिया कि जल्द ही नई पाइपलाइन से कनेक्शन जोड़ दिए जाएंगे और पेयजल आपूर्ति बहाल की जाएगी। करीब एक घंटे बाद लोग शांत हुए और यातायात दोबारा सुचारु हो सका।
फोटो 21: सोनीपत के गन्नौर में रेहड़ा बस्ती रोड पर पेयजल समस्या को लेकर जाम लगाए खड़े लोग। संवाद- फोटो : मदर एथीना स्कूल में हुआ स्काउट गाइड शिविर का समापन। स्रोत: स्कूल