गोहाना। शहर थाना क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में वृद्धा और सवा साल के बच्चे की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मुकदमे दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
शहर के उत्तम नगर में स्कूटी की टक्कर से वृद्धा की मौत हो गई। जांच अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि 16 अक्तूबर को उत्तम नगर की रामगली में एक स्कूटी ने रामकली (72) को टक्कर मार दी थी। रामकली स्कूटी की टक्कर से घायल हो गई थी। परिजन उन्हें उपचार के लिए सामान्य अस्पताल ले गए थे, जहां से पीजीआई रोहतक रेफर किया गया। पीजीआई में रविवार को उपचार के दौरान वृद्धा की मौत हो गई। वृद्धा के बेटे कुलदीप की शिकायत पर पुलिस ने स्कूटी चालक के खिलाफ लापरवाही का मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।
वहीं शहर में बरोदा रोड स्थित वजीरपुरा मोड़ के पास हादसे में सवा साल के बच्चे की मौत हो गई। जांच अधिकारी संदीप ने बताया कि सड़क हादसे में सवा साल के बच्चे रियाश ने दम तोड़ दिया। मूलरूप से यूपी के जिला मुजफ्फरनगर के गांव लोही निवासी रियाश के पिता फुरकान मजदूरी करते हैं और वजीरपुरा मोड़ के निकट एक मकान में किराए पर रह रहे हैं। रियाश खेलते हुए रोड पर पहुंच गया और अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। रियाश की मौके पर ही मौत हो गई। आसपास के लोगों ने रियाश का शव रोड पर पड़ा देख उसके परिजनों को सूचना दी। जिस पर पुलिस को अवगत कराया गया। पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंची और सामान्य अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने फुरकान के बयान पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।