गोहाना। गोहाना-जींद रोड गोशाला के पास ईको वैन की टक्कर से बाइक सवार दो सेवानिवृत्त फौजियों की मौत हो गई और उनके तीसरे साथी की हालत गंभीर बनी हुई है। घायल को एक निजी अस्पताल में उपचार दिलाया जा रहा है। तीनों फौजी कैंटीन से सामान लेकर अपने गांव घड़वाल लौट रहे थे। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने ईको चालक की तलाश शुरू कर दी है।
गांव घडवाल निवासी रामनिवास ने सिटी थाना गोहाना पुलिस को बताया कि वह फौज से सेवानिवृत्त है। वह वीरवार को अपने गांव के ही दो सेवानिवृत्त फौजियों हवा सिंह और दिलबाग सिंह के साथ बाइक पर फौजी कैंटीन में सामान ले आए थे। तीनों नए बस स्टैंड के निकट स्थित सीएसडी कैंटीन से घरेलू सामान की खरीदारी कर बाइक पर अपने गांव के चले थे। जब वह श्री गोपाल-कृष्ण गोशाला के पास पहुंचे तो जींद की तरफ से तेज गति से आई ईको वैन के चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे वह बाइक सहित सड़क पर जा गिरे। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों की मदद से उन्हें उपचार के लिए गांव खानपुर कलां स्थित बीपीएस राजकीय महिला मेडिकल कॉलेज के अस्पताल में पहुंचाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने दिलबाग को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से रामनिवास और हवासिंह को गंभीर हालत के चलते रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया गया। पीजीआई में उपचार के दौरान हवा सिंह की भी मौत हो गई। रामनिवास को परिजनों ने एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने रामनिवास के बयान पर ईको वैन चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।