राई/सोनीपत। गांव पलड़ी कलां के पास एक कैंटर ने कावड़ियों के टाटा एस को टक्कर मार दी। हादसे में डाक कांवड़ ले जा रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में उपचार दिलवाया गया। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। हादसे के बाद गड्ढे में गिरे टाटा एस में आ लग गई। जिससे उसमें रखे 26 हजार रुपये, बाइक, जेनरेटर व अन्य सामान जल गया। पुलिस ने टाटा एस चालक के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
हांसी के प्रेमनगर के रहने वाले सुरेंद्र ने राई पुलिस को बताया कि वह टाटा एस (छोटा हाथी) चलाता है। वह अपने टाटा एस को लेकर रोहतक के गांव गांधरा में अपनी रिश्तेदारी में गया था। वहां से वह छह शिव भक्तों को लेकर हरिद्वार डाक कांवड़ लेने के लिए निकले थे। उसके टाटा एस में उसके साथ गांव गांधरा का प्रताप (52), रोहित, रविंद्र, राजेश, राकेश व अन्य सवार थे। राकेश गाड़ी चला रहा था। जब वह बुधवार रात करीब 11 बजे जब वह पलड़ी कलां के पास पहुंचे तो इसी दौरान तेज रफ्तार एक कैंटर ने पीछे से टाटा एस को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद टाटा एस सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। हादसे में प्रताप की मौके पर ही मौत हो गई और उसके साथ रोहित, रविंद्र, राजेश, राकेश घायल हो गए। अन्य को भी हल्की चोट लगीं। हादसे के बाद पलटने से टाटा एस में आग लग गई। जिससे सामान भी जल गया। सूचना के बाद पहुंचे एसआई नरेश, एचसी विनोद, सिपाही अजय मौके पर पहुंचे और घायलों को सामान्य अस्पताल में पहुंचाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर वीरवार सुबह प्रताप के शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने सुरेंद्र के बयान पर कैंटर चालक के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया है।
टाटा एस में नकदी के साथ अन्य सामान भी जला
टाटा एस मालिक सुरेंद्र ने बताया कि टाटा एस पलटने से उसमें आग लग गई। आग लगने से डेस्क बोर्ड में रखे 26 हजार रुपये, सभी के मोबाइल फोन व कुछ सामान भी जल गया। आग से बाइक व जेनरेटर भी जल गया। मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।
मेरठ हाईवे पर गांव पलड़ी कलां के पास कैंटर के टाटा एस को टक्कर मारने की सूचना मिली थी। हादसे में डाक कांवड़ लेने जा रहे व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। उन्हें तुरंत सामान्य अस्पताल में उपचार दिलवाया गया। कैंटर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
-कुलदीप देशवाल, थाना प्रभारी, राई।