सोनीपत। जीटी रोड पर बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास ट्राला चालक ने सडक़ पार कर रहे युवक-युवती को कुचल दिया। हादसे में ट्राला चालक युवती को 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने युवती की मां के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने ट्राला को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
मूलरूप से यूपी के सीतापुर फिलहाल बहालगढ़ की रहने वाली जिन्नी पाल (18) बहालगढ़ स्थित पंखा बनाने की कंपनी में काम करती थी। वह अपनी मां रोहिणी पाल के साथ रहती थी। दोनों मां-बेटी एक ही कंपनी में काम करती थी। वीरवार को उसकी मां की तबियत खराब होने व ठेकेदार के काम से मना करने के चलते जिन्नी पाल अकेली ही कंपनी में जा रही थी। उसकी मां उसे सडक़ तक छोड़ने आई थी। लेकिन बाद में उसने अपनी मां को वापस भेज दिया। उसके साथ यूपी के जिला हरदोई का दीपक भी सड़क पार रह रहा था। वह एक दिन पहले ही नौकरी की तलाश में आया है। जब दोनों सड़क पार करने लगे तो इसी दौरान पानीपत की तरफ आए एक ट्राले ने दोनों को कुचल दिया। हादसे में युवती ट्राले के पहियों के बीच फंस गई और चालक उसे करीब 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गया। जिससे युवती की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। साथ ही युवक दीपक घायल हो गया। राहगीरों ने दीपक को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। चालक ट्राला छोड़कर मौके से फरार हो गया। मामले की सूचना के बाद बहालगढ़ चौकी पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने जिन्नी पाल की मां रोहिणी पाल के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू कर दी है।
मां-बेटी दोनों नौकरी कर चला रही थी घर, शादी के लिए एकत्रित कर रही थी पैसा
हाईवे पर जब ट्राले ने जिन्नी पाल को कुचला तो उसकी मां उसे छोड़कर वापस मुड़ी ही थी हादसा हो गया। हादसे में बेटी की जान गंवानी वाली रोहिणी पाल का रोकर बुरा हाल था। वह एक ही बात कह रही थी कि दोनों मां-बेटी फैक्टरी में नौकरी कर घर खर्च चला रही थी। साथ ही बेटी की शादी के लिए धन एकत्रित कर रही थी। रोहिणी ने बताया कि जब वह बेटी से शादी की बात करती थी तो वह कहती थी मां पहले नौकरी कर कुछ पैसा जोड़ ले उसके बाद उसकी शादी कर देना। अब ट्राला चालक की गलती ने उसकी बेटी को सदा के लिए उससे दूर कर दिया है।
नौकरी की तलाश में आया है दीपक
हादसे में गंभीर रूप से घायल हुआ दीपक नौकरी की तलाश में आया है। हरदोई का रहने वाला दीपक बहालगढ़ स्थित बिस्कुट कंपनी में नौकरी के लिए अपने कागजात लेकर जा रहा था। इससे पहले ही उसे ट्राला ने कुचल दिया। जिससे उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
वर्जन
बहालगढ़ फ्लाईओवर के पास ट्राला की चपेट में आकर युवती की मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हुआ है। मामले में युवती की मां के बयान पर ट्राला चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-अनिल कुमार, चौकी प्रभारी, बहालगढ़।
हाईवे पर सड़क हादसे के बाद कार्रवाई करती पुलिस।- फोटो : Sonipat