सोनीपत-गोहाना मार्ग पर खेड़ी दमकन गांव के पास तेज गति से सोनीपत की तरफ जा रही पुलिसकर्मी की कार ने बाइक सवार सवार पिता-पुत्र को कुचल दिया। कार 20 मीटर तक दोनों को घसीटते ले गई। इससे न केवल बाइक के परखचे उड़ गए, बल्कि दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मकान की रजिस्ट्री कराने तहसील जा रहे थे। सदर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिए।
सदर थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि जौली गांव निवासी जगदीश (35) को घर के एक हिस्से की रजिस्ट्री कराना था। सुबह वह पिता धज्जाराम (65) को साथ लेकर बाइक से तहसील जा रहा था। रास्ते में जब खेड़ी दकमन गांव के नजदीक पहुंचे तो सामने से आ रही कार ने उनकी बाइक में सीधी टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक 20 मीटर से ज्यादा दूर तक घसीटते चली गई। हादसे में पिता-पुत्र की मौके पर ही मौत हो गई। कार चालक मौके से फरार हो गए। हादसे की सूचना पाकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
कार में मिली वर्दी, पीछे पुलिस का लोगो
सूचना पर सदर थाना प्रभारी जयप्रकाश मौके पर पहुंचे। जांच में कार के अंदर पुलिस कांस्टेबल की वर्दी टंगी थी, जिसके ऊपर नेम प्लेट पर सन्नी लिखा है। साथ ही कार के पीछे भी पुलिस का लोगो लगा है। थाना प्रभारी ने बताया कि जांच में पता चला कि कार कैथल निवासी सन्नी की है, जिसकी वर्दी गाड़ी में मिली है। पूछने पर पता चला कि सन्नी असंध के एक अस्पताल में भर्ती है। उसके बयान दर्जन होने के बाद पता चलेगा कि गाड़ी वह खुद चला रहा था या नहीं। फिलहाल गाड़ी का नंबर दर्ज कर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज किया गया है।