सोनीपत। भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) कोलकाता ने संयुक्त प्रवेश परीक्षा (कैट) का परिणाम जारी कर दिया है। इसमें सेक्टर-23 निवासी इंजीनियर रितेश कुमार ने 99.69 पर्सेंटाइल प्राप्त कर परिवार का नाम रोशन किया है। लाडले की सफलता पर जहां परिवार में खुशी का माहौल है, वहीं रिश्तेदार व जान-पहचान के लोग बधाई दे रहे हैं।
सेक्टर-23 निवासी ऋषिपाल सिंह ने बताया कि वह केंद्रीय मंत्रालय में कार्यरत हैं। बेटा रितेश शुरू से ही होनहार रहा है। उन्होंने कड़ी मेहनत से यह मुकाम हासिल किया है। वर्तमान में बेटा गुरुग्राम में एक कंपनी में उत्पाद सहायक के पद पर कार्यरत हैं। बेटे की सफलता पर पूरा परिवार बेहद खुश है। रितेश ने बताया कि उनका शुरू से ही सपना था कि वह इंजीनियरिंग क्षेत्र में जाएं। इसके लिए एनआईटी से बीटेक करने के बाद इंटर्नशिप के लिए बाहर गए थे। जहां पता लगा कि इंजीनियरिंग से अधिक तरक्की प्रबंधन क्षेत्र में हैं। उन्होंने एमबीए करने का निर्णय लिया। नौकरी करने के साथ कैट परीक्षा की तैयारी करते रहे। परीक्षा में 99.69 पर्सेंटाइल प्राप्त किए।