गोहाना। आगामी 17 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर भाजपा की बैठक मंगलवार को पानीपत रोड स्थित पार्टी के कार्यालय में हुई। इसमें रैली की तैयारियों पर चर्चा की गई। साथ ही कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपते हुए उनकी ड्यूटियां लगाई गईं।
बैठक में कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक उपस्थित रहे। कैबिनेट मंत्री डॉ. अरविंद शर्मा ने कहा कि कार्यकर्ताओं की कड़ी मेहनत व संगठन के नेताओं की दूरदर्शी सोच की बदौलत प्रदेश में लगातार तीसरी बार भाजपा सरकार बनी है।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में एक साल की प्रदेश सरकार ने हर वर्ग, हर समुदाय के उत्थान को लेकर बड़े कदम उठाए, जिससे कार्यकर्ताओं ही नहीं, जन-जन में सरकार की वर्षगांठ को लेकर जोश व उत्साह है।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2014 में एजुकेशन सिटी से ही केएमपी-केजीपी एक्सप्रेस-वे के उद्घाटन व नेशनल हाईवे- 44 के चौड़ीकरण का शिलान्यास किया था जो हजारों वाहन चालकों के रोजाना सरल आवागमन का माध्यम बना है।
उन्होंने कहा कि 17 अक्तूबर को प्रधानमंत्री संवाद करने आ रहे हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता सुनिश्चित करें कि बिना निमंत्रण कोई घर न छूटे। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान के रास्ते विकसित भारत संकल्प को पूरा करने का आह्वान किया।
इस दौरान भाजपा जिला प्रभारी डॉ. किरण कलकल, जिला अध्यक्ष बिजेंद्र मलिक, वरिष्ठ नेता प्रदीप सांगवान, इंद्रजीत विरमानी, भलेराम नरवाल, बलराम कौशिक, कृष्ण सैनी, महेंद्र चिड़ाना, जितेंद्र शर्मा उपस्थित रहे।