सोनीपत। नगर निगम की ओर से लगातार दूसरे दिन संपत्ति कर व प्राॅपर्टी आईडी की त्रुटियां ठीक कराने के लिए शिविर लगाए गए। चार जगहों पर लगे शिविर के दौरान 120 प्रॉपर्टी मालिक अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। इस दौरान मौके पर 105 शिकायतों का निपटान किया गया। ज्यादातर शिकायतें नाम, प्राॅपर्टी एरिया, मोबाइल नंबर से संबंधित थी, जिनका मौके पर निदान किया गया। वहीं, बाकी 15 शिकायतों का फिजिकल वेरिफिकेशन कर निपटारा किया जाएगा।
निगमायुक्त विश्राम कुमार मीणा ने बताया कि नगर निगम की सीमा में संपत्तिकर से संबंधित विवरण में कोई भी त्रुटि (जैसे नाम, एरिया, कैटेगरी इत्यादि) हो तो वह एनडीसी पोर्टल https://ulbhryndc.org पर ऑनलाइन भी अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकता है। उन्होंने संपत्तिकर दाताओं का आह्वान किया कि वे अपने संपत्तिकर रिकॉर्ड तथा बिल में दुरुस्ती करवाने के लिए संबंधित प्रॉपर्टी के दस्तावेजों के साथ अपनी आपत्ति दर्ज करवा सकते हैं।