फोटो : 23: सोनीपत के गन्नौर में लोगों की समस्याएं सुनते विधायक देवेंद्र कादियान। स्रोत प्रवक्ता
गन्नौर। रेनीवेल परियोजना के तहत बेगा गांव में यमुना के किनारे रेनीवेल बनाकर वहां से ट्यूबवेल के माध्यम से शहर तक सप्लाई किया जाएगा। इसके लिए बेगा गांव से शहर तक पाइपलाइन डाली जाएगी। यह जानकारी विधायक देेवेंद्र कादियान ने सोमवार को अपने कार्यालय में लगाए गए जनता दरबार में दी।
उन्होंने बताया कि एक सप्ताह पहले चंडीगढ़ में एसएमडीए बैठक में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उनकी मांग पर 35.50 करोड़ रुपए की परियोजना को मंजूरी दी थी। रेनीवेल बनने से गन्नौर और आसपास के इलाकों में पेयजल आपूर्ति बेहतर होगी।
जनता दरबार में पेयजल, पीएम आवास योजना, बिजली, रास्ते और मनरेगा से जुड़ी समस्याएं विधायक के सामने रखी गईं। तेवड़ी गांव से आए लोगों ने वाल्मीकि चौपाल के नवनिर्माण की मांग की। गांधी नगर के लोगों ने जलघर की सफाई और दीवारों की ऊंचाई बढ़ाने की मांग की।
अमृत टू योजना के तहत नए जलघर का निर्माण जल्द शुरू कराने की अपील की। तेवड़ी गांव से आए 50 से ज्यादा लोगों ने मनरेगा के तहत काम न मिलने की शिकायत की। विधायक ने कई मामलों का मौके पर ही समाधान किया, जबकि बाकी समस्याओं का जल्द समाधान का आश्वासन दिया। इस मौके पर अंकित मल्होत्रा, संजय त्यागी, दिनेश अदलखा, हरीश मदान सहित अन्य मौजूद रहे।